शहर

Delhi News: जसोला खुले नाले की घटना में JE सस्पेंड, MCD ने माना लापरवाही का मामला

Delhi News: दिल्ली के जसोला में 15 वर्षीय छात्र के खुले नाले में गिरने के बाद एमसीडी ने लापरवाही के आरोप में एक जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड किया है। शनिवार से लापता छात्र का अब तक पता नहीं चला है।

Image

जसोला में खुले नाले में गिरा 15 साल का छात्र, MCD ने JE को किया सस्पेंड (File Photo)

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली के जसोला गांव में 15 वर्षीय एक लड़के के खुले नाले में गिरने की घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने इस मामले में एक जूनियर इंजीनियर को काम में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आठवीं कक्षा का छात्र शनिवार सुबह नाले में गिरने से लापता हुआ था। जिसके बाद से उसका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।

जसोला हादसे पर CM रेखा गुप्ता के सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी और गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गुप्ता ने मुख्य सचिव को एक घंटे के भीतर संबंधित नाले के क्षेत्राधिकार की जानकारी देने और दोषी अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया था। अधिकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद हुई है।

पतंग पकड़ने के दौरान नाले में गिरा छात्र

दिल्ली दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों ने मिलकर उसकी तलाश के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया था, लेकिन लड़के का कोई सुराग नहीं मिला। इस अभियान को शनिवार देर रात रोक दिया गया था और रविवार को इसे दोबारा शुरू किया गया, जिसके तहत इलाके में बचाव दल और गोताखोरों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि लड़का सुबह करीब 11 बजे एक पतंग पकड़ने के चक्कर में नाले में गिर गया।

इस हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए एमसीडी के दक्षिण पूर्व (मध्य) जोन ने जूनियर इंजीनियर को तुरंत निलंबित कर दिया है। प्रशासन के मुताबिक, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। निलंबन की अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को अधिशासी अभियंता के कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा। मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला मिथुन का परिवार जसोला इलाके में रहता है और दिल्ली में मजदूरी करता है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article