Delhi Waterlogging News: दिल्ली में सोमवार के बाद मंगलवार तड़के हुई तेज बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जनजीवन को काफी प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव देखने को मिल रहा है। जिसके चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ गई।
24 घंटे में कई इलाकों में 100 मिमी के करीब बारिश
IMD के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में दिल्ली के कई हिस्सों में करीब 100 मिमी या उससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अयानगर में सबसे अधिक पानी बरसा। यहां 101.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 100.4 मिमी, सफदरजंग में 99.1 मिमी और लोधी रोड में 98.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पालम में सुबह 8 बजे तक 68 मिमी बारिश दर्ज हुई।
लुटियंस दिल्ली से कनॉट प्लेस तक जलभराव
भारी बारिश के बाद लुटियंस दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। अशोका रोड, रायसीना रोड, RML अस्पताल के आसपास, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और कनॉट प्लेस में सड़कें जलमग्न हो गईं। जिससे कई जगह वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
सुप्रीम कोर्ट और AIIMS के आसपास भी भरा पानी
बारिश के कारण सुप्रीम कोर्ट और एम्स के आसपास भी पानी भरने की सूचना मिली। जलभराव वाली सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर लोग पानी से भरी सड़कों को पार करते हुए भी नजर आए। राजधानी के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश के कारण सड़कें पानी में डूब गईं। आईटीओ, मोती बाग, कमला नगर और करोल बाग जैसे इलाकों में भी जलभराव की स्थिति रही। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
तेज बारिश के बाद दिल्ली का मौसम भी सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। शहर के सभी पांच IMD स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहां, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। लोधी रोड में तापमान 23.6 डिग्री, रिज में 20.8 डिग्री और अयानगर में 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
