शहर

Gwalior News: 20 रुपये के मोमो पर मचा बवाल, दुकानदार ने युवक के चेहरे पर उड़ेल दिया खौलता तेल

ग्वालियर में कम मोमो देने पर एक 18 वर्षीय युवक और मोमो विक्रेता के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मोमो विक्रेता ने युवक पर कढ़ाई में रखा खौलता तेल फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

Image

ग्वालियर में मोमोज विक्रेता और युवक के बीच विवाद

Photo : Times Now Digital

Gwalior Momo Dispute: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां मोमो की प्लेट में संख्या कम मिलने पर मोमो संचालक और 18 वर्षीय युवक के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद मोमो संचालक ने युवक के ऊपर कढ़ाई में रखा खौलता हुआ गर्म तेल फेंक दिया। इस भीषण घटना में युवक का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी मोमो संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन दोस्तों के साथ मोमोज खाने पहुंचा था शिवा

यह घटना ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के पुरानी रेशम मिल चौराहे की है। हजीरा के रेशम मिल प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया रविवार शाम अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ मोमो खाने पहुंचा था। तीनों ‘अंकित मोमोज’ नाम के ठेले पर गए थे। बताया गया कि शिवा ने 20 रुपये के मोमो खरीदे थे। प्लेट में मोमो की संख्या कम होने पर उसने मोमो संचालक अंकित राजपूत से इस बारे में सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।

गाली-गलौज के बाद गर्म तेल फेंकने का आरोप

आरोप है कि दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर मोमो संचालक अंकित ने शिवा के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इसी दौरान उसने कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल शिवा के ऊपर फेंक दिया। गर्म तेल पड़ने से शिवा का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद शिवा को झुलसी हुई हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, घायल शिवा की शिकायत पर मोमो संचालक अंकित राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article