शहर

Gurugram News: डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग का खेल, दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से ऐंठे 90 लाख, MBA पास युवती गिरफ्तार

Gurugram News: गुरुग्राम में ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पुलिस ने 24 वर्षीय MBA पास युवती को 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती ने दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से करीब 90 लाख रुपये वसूले, जबकि उसके बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।

Image

गुरुग्राम में ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gurugram News: गुरुग्राम में ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती के बाद एक युवक को ब्लैकमेल कर करीब 90 लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला MBA पास है और युवक को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लगातार पैसे मांग रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को सेक्टर-47 स्थित सोहना रोड के एक कॉफी हाउस से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लेने पहुंची थी। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। साथ ही, जांच के दौरान आरोपी के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये की रकम को नियमानुसार फ्रीज कराया गया है।

तीन साल पहले ऑनलाइन ऐप से हुई थी मुलाकात

एसीपी क्राइम गुरुग्राम नवीन शर्मा के अनुसार, शिकायतकर्ता की आरोपी महिला से करीब तीन साल पहले एक ऑनलाइन ऐप के जरिए मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और समय के साथ मुलाकातें भी होने लगीं। आरोप है कि इसके बाद महिला ने युवक को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देती थी। इन धमकियों के चलते युवक ने आरोपी को अलग-अलग माध्यमों से पैसे देने शुरू कर दिए। पुलिस के मुताबिक, अब तक आरोपी करीब 90 लाख रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए वसूल चुकी थी। इसके बावजूद महिला की पैसों की मांग लगातार जारी रही।

50 हजार रुपये लेते हुए पुलिस ने पकड़ा

पीड़ित ने आखिरकार 4 अक्टूबर को पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस की योजना के तहत शिकायतकर्ता को हस्ताक्षर किए हुए नोट दिए गए और उसे आरोपी से मिलने के लिए सेक्टर-47 के कॉफी हाउस भेजा गया। जैसे ही महिला ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लिए, सादे कपड़ों में वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से रकम भी बरामद कर ली गई।

दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजी गई आरोपी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से ब्लैकमेलिंग, पैसों के लेन-देन और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी ने इस तरीके से किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया था या नहीं। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन डेटिंग ऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सावधानी बरतें। पुलिस ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति धमकी या ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे की मांग करता है, तो डरने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article