ग्रेटर नोएडा

बेकाबू लिफ्ट : Noida में लिफ्ट का ब्रेक फेल, टूट गई छत ; चौथी मंजिल से सीधे पहुंची 25वीं मंजिल

नोएडा शहर की एक सोसायटी में अनियंत्रित लिफ्ट छत तोड़कर सीधे चौथी मंजिल से 25वीं मंजिल तक पहुंच गई। इस हादसे में लिफ्ट में सवार तीन लोगों को चोटे आई हैं।

Image

नोएडा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

नोएडा : नोएडा की एक हाई राइज सोसायटी में रविवार देर रात एक लिफ्ट नियंत्रण से बाहर हो गई और वह सीधे 25वीं मंजिल पर जाकर छत तोड़ने के बाद ही रुकी। हादसे में तीन लोग घायल हो गये। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोटे नहीं आई हैं। घटना नोएडा सेक्टर 137 स्थित पारस टिएरा सोसायटी के टावर-5 की है। इसके बाद सोसायटी के लोगों में काफी ज्यादा रोष है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। इसी सोसायटी में पहले भी एक बुजुर्ग महिला की लिफ्ट में मौत हो चुकी है। लोगों का आरोप है कि कई बार कहने के बाद भी लिफ्ट की मरम्मत नहीं कराई गई।

लिफ्ट ने तोड़ी ऊपरी मंजिल की छत

सोसायटी के निवासियों के मुताबिक, लिफ्ट चौथी मंजिल पर खराब हो गई थी और लोग बाहर निकलने लगे थे। इसी बीच लिफ्ट अनियंत्रित होकर तेजी से ऊपर उठने लगी। आखिरकार लिफ्ट ने सबसे ऊपरी मंजिल की छत को तोड़ दिया। इस दुर्घटना के समय लिफ्ट में तीन लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही सोसायटी के अन्य निवासी मौके पर इकट्ठा हो गए। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से लिफ्ट की देखरेख ठीक से नहीं की जा रही थी।

तकनीकी खामी से हादसा

उन्होंने इस लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। सोसायटी के सचिव ने कहा कि वह इस पूरे मामले की जांच करवाएंगे। घटना की जानकारी मिलते ही नोएडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ है। सभी लोग सुरक्षित हैं और मौके पर शांति बनी हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

24वें फ्लोर पर पहुंची लिफ्ट

गौरतलब है कि इसी पारस सोसाइटी में 3 अगस्त 2023 को लिफ्ट का तार टूटने से लिफ्ट सीधे 24वें फ्लोर से तीन फ्लोर नीचे जाकर रुक गई थी और काफी देर तक उसमें एक 72 साल की बुजुर्ग महिला फंसी रहीं। पैनिक अटैक के कारण वह बेहोश हो गईं। काफी देर बाद जब उन्हें लिफ्ट से बाहर निकल गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस घटना के बाद भी काफी ज्यादा रोष लोगों में देखने को मिला था।

( इनपुट-भाषा से)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article