Greater Noida Authority: ग्रेटर नोएडा की स्वच्छता मुहिम को आगे बढ़ाते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सभी बल्क वेस्ट जनरेटरों के लिए स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता शुरू कर दी है। 12 दिसंबर से आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। 31 दिसंबर आवेदन करने की अंतिम तिथि है। गीले कचरे (घरेलू वेस्ट) का प्रबंधन कर रहीं संस्थाओं के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में पहले पांच स्थान पर आने वाली संस्थाओं को उचित इनाम भी दिया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि, इस प्रतियोगिता से शहर में स्वच्छता के स्तर में सुधार देखने के मिल सकता है।
बता दें कि, ग्रेटर नोएडा में ठोस अपशिष्ट कूड़ा प्रबंधन नियम 2016 लागू किया गया है। इसके अनुसार, बल्क वेस्ट जनरेटरों को घरेलू कूड़े का निस्तारण खुद से ही करना होता है। प्राधिकरण की ओर से री-साइकिल न हो पाने वाले इनर्ट वेस्ट को उठाया जाता है। जानकारी के लिए बता दें कि, बल्क वेस्ट जनरेटरों में 100 किलोग्राम प्रतिदिन कचरा उत्पन्न करने वाली या फिर 5000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाली संस्थाओं और इकाइयों को शामिल किया गया है।
