Gorakhpur Triple Murder: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में तिहरे हत्याकांड से सनसनी मच गई है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, और इस जघन्य अपराध का आरोप किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि घर के ही 16 वर्षीय किशोर पर लगा है। छोटे भाई ने ही अपने बड़े भाई, भाभी और भतीजे को काटकर मार डाला है। मारने के बाद आरोपी वहां से भागा नहीं घर में ही बैठा रहा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ हो रही है।
किशोर ने भाई, भाभी और भतीजे को काट डाला
गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार तड़के एक 16 साल के किशोर ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने ही बड़े भाई, भाभी और महज तीन साल के मासूम भतीजे की सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी।
सोते हुए परिवार पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित बलुआ गांव में सुबह लगभग तीन बजे की है। पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश पुरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक अमित गुप्ता (35), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (32) और उनका 3 वर्षीय बेटा रेयांश गुप्ता रोज की तरह अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी किशोर धारदार हथियार लेकर कमरे में दाखिल हुआ और तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
चीख सुनकर पहुंचे पिता
वारदात के समय आरोपी के माता-पिता घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। अचानक कमरे से आई चीख-पुकार सुनकर जब पिता भागते हुए अमित के कमरे की तरफ पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में अमित, रंजना और मासूम रेयांश खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। पिता ने अपने छोटे बेटे (आरोपी) को हाथ में खून से सना हथियार लेकर कमरे से बाहर निकलते देखा। इसके बाद बदहवास पिता ने तुरंत पड़ोसियों को जगाया और पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को आरोपी किशोर घर के ऊपर वाले कमरे में उसी खून से सने हथियार के साथ बैठा मिला, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
दुकान का विवाद हो सकता है हत्या की वजह!
पुलिस ने पिता की तहरी पर मामला दर्ज कर लिया है और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, इतनी कम उम्र में सगे भाई और उसके परिवार की इतनी बेरहमी से हत्या करने की असल वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। पुलिस के अनुसार, परिवार द्वारा चलाई जा रही एक दुकान को लेकर भाइयों के बीच कोई विवाद चल रहा था, जिसे इस जानलेवा हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
