शहर

गोरखपुर में मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की गोलियों और चाकुओं से निर्मम हत्या, सीएम योगी हुए एक्टिव, पुलिस अफसरों को दिया ये निर्देश

Raj Kumar Chauhan Murdered: चार हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही राजकुमार चौहान वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पहले सिर में गोली मारी गई, फिर सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए।

Image

गोरखपुर में मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की गोलियों और चाकुओं से निर्मम हत्या

Gorakhpur News: गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। रोज की तरह मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान को बदमाशों ने घेरकर गोलियों और चाकुओं से इस कदर हमला किया कि मौके पर ही खौफ का मंजर बन गया।

सांसें थम नहीं गईं, तब तक किया वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही राजकुमार चौहान वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पहले सिर में गोली मारी गई, फिर सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए। खून से लथपथ हालत में भी वह करीब 100 मीटर तक जिंदगी की जंग लड़ते हुए भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें दोबारा घेर लिया और तब तक हमला करते रहे, जब तक उनकी सांसें थम नहीं गईं।

वारदात के बाद हमलावरों का बेखौफ अंदाज भी लोगों को हैरान कर गया। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे, जैसे किसी को चुनौती दे रहे हों, और जब उन्हें यकीन हो गया कि राजकुमार चौहान की मौत हो चुकी है, तब वे आराम से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दहशत का माहौल, पुलिस क्या बोली?

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुटे हैं और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की साजिश का जल्द खुलासा किया जाएगा और आरोपी कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।

सीएम योगी हुए एक्टिव

गोरखपुर में पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या के मामले में राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ भी एक्टिव हो गए हैं। सीएम योगी ने तत्काल घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस अफसरों को निर्देश दिया है कि प्राथमिकता से हर पहलू से जांच हो।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article