शहर

Goa News: आधी रात कैसीनो में कुख्यात बदमाश की एंट्री; सिक्योरिटी गार्ड भी नहीं बचा पाया अपनी जान

गोवा के पणजी में एक कैसीनो में दो सिक्योरिटी गार्डों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को हैदराबाद के रहने वाले एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस घटना में एक गार्ड की मौत हुई है, जिसकी जानकारी अधिकारियों ने दी।

Image

गोवा में बदमाश ने किया सुरक्षा गार्डों पर हमला

Photo : Times Now Digital

Goa News: गोवा की राजधानी पणजी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कैसीनो में दो सिक्योरिटी गार्डों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को हैदराबाद के रहने वाले एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में एक गार्ड की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (उत्तर) राहुल गुप्ता ने बताया कि बुधवार की रात आरोपी की सिक्योरिटी गार्डों से कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने ये संगीन जुर्म किया।

आरोपी अब्दुल अल्ताफ ने सुबह गोवा से भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे से अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं। पणजी के कैसीनो कार्निवल में हुई इस घटना की जानकारी पणजी थाने को बुधवार देर रात 3 बजकर 10 मिनट पर मिली।

डंडे से किया हमला

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कैसीनो में आए एक व्यक्ति ने जान से मारने के इरादे से लकड़ी के एक डंडे से कई सिक्योरिटी गार्डों पर हमला किया। आरोपी ने डंडे को कैसीनो की सीढ़ियों से ही निकाला था और डंडे के नीचे लोहे की चीज लगी हुई थी। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए मध्य प्रदेश के सतना के रहने वाले धीरू शर्मा नाम के गार्ड ने यहां नजदीकी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ले जाते समय ही दम तोड़ दिया। साथ ही दक्षिण गोवा के रहने वाले सत्यम गांवकर नाम के दूसरे सिक्योरिटी गार्ड को सिर पर चोट लगी।

मामले की जांच जारी

आरोपी गिरफ्तारी से बचने के चक्कर में भाग रहा था लेकिन उसे डाबोलिम हवाई अड्डे की ओर जाते समय ही पकड़ लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम ने हैदराबाद के चारमीनार में मिसरी गंज निवासी अब्दुल रऊफ के बेटे अब्दुल अल्ताफ को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, मामले की जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस की जानकारी से ये सामने आया है कि अब्दुल अल्ताफ एक कुख्यात बदमाश है, जिसका हैदराबाद के मैलारदेवपल्ली थाने में आपराधिक रिकॉर्ड है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article