शहर

गाजियाबाद में मासूम की मौत, टॉफी का लालच देकर अपने साथ ले गया पड़ोसी, खेत में मिली बच्ची

गाजियाबाद के नंदग्राम में चार साल की बच्ची की पड़ोसी ने कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोपी उसे टॉफी दिलाने के बहाने ले गया था। जिसके बाद बच्ची खेत में घायल मिली और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Ghaziabad News: गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 4 साल की बच्ची की कथित तौर पर उसके पड़ोसी ने हत्या कर दी। बच्ची खेत में बेहोश पाई गई, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 9 बजे नंदग्राम थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक खेत में घायल अवस्था में एक बच्ची बेहोश पड़ी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सोमवार से लापता थी बच्ची

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान बच्ची के परिजनों ने उसकी पहचान की। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम से ही उनकी बेटी लापता थी। परिवार ने अपने पड़ोसी गौरव प्रजापति (24) पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गौरव सोमवार को बच्ची को अपने साथ टॉफी दिलाने के बहाने ले गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। जिसके बाद से वे लोग बच्ची की तलाश कर रहे थे। आरोपी पहले से ही परिवार का परिचित था, इस कारण बच्ची उसके साथ चली गई।

आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी गौरव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 238(ए) (सबूत मिटाने या गलत जानकारी देने) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें