शहर

गाजियाबाद में कांवड़ मार्ग की दुकानों पर मालिक का नाम दिखाना होगा जरूरी, लाइसेंस और QR कोड भी किया गया अनिवार्य

गाजियाबाद में कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी होटलों और दुकानों पर मालिक का नाम लिखना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष क्यूआर कोड और लाइसेंस भी जरूरी होंगे।

Image

कांवड़ मार्ग के रेस्टोरेंट और होटलों के लिए गाइडलाइंस जारी

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पूरी तरह सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 30 जुलाई से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलने वाली इस पवित्र यात्रा के दौरान जिले से करोड़ों शिवभक्तों के गुजरने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी (DM) रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार दोपहर तीन बजे सभी संबंधित विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

इस बैठक में जिलाधिकारी ने साफ किया कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बार शिवभक्तों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी होटलों, ढाबों और दुकानों पर उनके मालिक का नाम प्रदर्शित करना जरूरी होगा। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़े लाइसेंस और विशेष क्यूआर कोड भी अनिवार्य किए गए हैं।

होटलों और दुकानों पर लगेंगे QR कोड, दिखेगा संचालक का नाम

डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी होटल, रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। श्रद्धालु और शिवभक्त इन क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर सीधे दुकान संचालक का असली नाम, दुकान का लाइसेंस और खाद्य पदार्थों की निर्धारित दरों की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस कदम से यात्रा के दौरान शुद्धता सुनिश्चित होगी और ओवररेटिंग या किसी भी तरह की धोखाधड़ी पर पूरी तरह लगाम लगेगी।

12 फीट से ऊंचे DJ पर पूरी तरह रोक

सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने डीजे की ऊंचाई को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे को सड़कों पर उतरने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी। तय सीमा से बड़े डीजे पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article