शहर

गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड में पुलिस का एक्शन, एनकाउंटर में 1-1 लाख के दो इनामी बदमाश ढेर

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। इस एनकाउंटर में दो इनामी बदमाश घायल ढेर हो गए, जबकि दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। ।

Image

27 लाख रुपये की कैश वैन लूट कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई वेब सिटी थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक-एक लाख रुपये के इनामी अपराधी समीर और जुबेर ढेर हो गए। इस मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

यह मामला 6 मई की एक बड़ी वारदात से जुड़ा है। उस दिन क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में ‘एवन इंडिया’ नाम की फाइनेंशियल कंपनी की कैश वैन एटीएम में पैसे डालने पहुंची थी। इसी दौरान चार बदमाश पैदल वहां पहुंचे और हथियार के बल पर ड्राइवर को धमकाकर वैन लूट ली। बदमाशों ने महज 20 मिनट में वैन को करीब 10 किलोमीटर दूर तक ले जाकर उसमें से लगभग 27 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने वाहन को मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे किनारे छोड़ दिया और फरार हो गए।

एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित

इस सनसनीखेज लूट की घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए आठ विशेष टीमों का गठन किया गया, जो सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बदमाशों की लगातार तलाश कर रही थीं।

पूरे मामले की आगे की जांच जारी

मंगलवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर संदिग्धों को घेरने की कोशिश की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने के दौरान फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक्शन लेते हुए समीर और जुबेर को मार गिराया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और लूटी गई रकम की बरामदगी तथा अन्य पहलुओं को लेकर जल्द बड़ा खुलासा करने की तैयारी में है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article