शहर

Ghaziabad Crime: RDC तनिष्क शोरूम में चोरी कांड, युवती संग ताला खोलता सेल्समैन CCTV में कैद; तलाश जारी

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के RDC स्थित तनिष्क ज्वैलरी शोरूम में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। CCTV फुटेज से खुलासा हुआ है कि शोरूम के ही सेल्समैन ने एक युवती के साथ मिलकर लॉकर से गहने उड़ाए। पुलिस ने दूसरे कर्मचारी को हिरासत में लिया है और चोरों को पकड़ने के लिए 5 टीमें बनाई हैं।

Image

Ghaziabad Crime: RDC तनिष्क शोरूम में चोरी कांड, युवती संग ताला खोलता सेल्समैन CCTV में कैद; तलाश जारी

Ghaziabad Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के पॉश और सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाके आरडीसी (राज नगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर) स्थित मशहूर तनिष्क ज्वैलरी शोरूम में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी के पीछे किसी बाहरी गैंग का हाथ नहीं, बल्कि शोरूम का ही एक सेल्समैन मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के बाद इस पूरी इनसाइड स्टोरी का पर्दाफाश कर दिया है। वारदात को अंजाम देने के लिए सेल्समैन ने एक युवती की मदद ली थी।

सुबह 10 बजे पुलिस को मिली सूचना

घटनाक्रम के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10:00 बजे थाना कविनगर पुलिस को फोन के जरिए सूचना मिली कि आरडीसी स्थित तनिष्क शोरूम के ताले खुले हैं और वहां बड़ी चोरी हुई है। ज्वैलरी शोरूम में चोरी की खबर मिलते ही ACP सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में कविनगर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल शुरू की। जब पुलिस ने शोरूम के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया, तो सच देखकर सभी दंग रह गए। CCTV में साफ दिखा कि शोरूम का ही एक सेल्सकर्मी खुद चाबी से दुकान का शटर और लॉकर खोल रहा है। फुटेज में उसके साथ एक संदिग्ध युवती भी नजर आ रही है, जिसकी मदद से उसने करोड़ों के आभूषणों पर हाथ साफ किया।

एक और कर्मचारी हिरासत में

इस पूरी वारदात ने पुलिस के सामने एक बड़ा तकनीकी सवाल खड़ा कर दिया है। शोरूम के नियमों के मुताबिक, जिस स्ट्रॉन्ग रूम और लॉकर से गहने चोरी हुए हैं, उसकी असली चाबियां सेल्समैन के पास नहीं, बल्कि शोरूम के एक अन्य जिम्मेदार कर्मचारी के पास रहती थीं। अब पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि सेल्समैन के पास लॉकर की चाबियां आखिर कैसे आईं? क्या चाबी रखने वाला कर्मचारी भी इस साजिश का हिस्सा था या सेल्समैन ने ही उससे चाबियां चुराई थीं? ACP सूर्यबली मौर्य के अनुसार, पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

खुलासे के लिए 5 टीमें गठित

कविनगर थाना पुलिस ने शोरूम प्रबंधन की तहरीर के आधार पर सेल्समैन और उसकी महिला साथी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गाजियाबाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और रिकवरी करने के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article