वायरल न्यूज़

Ajab gajab: पेट में दर्द की शिकायत लेकर हॉस्पिटल पहुंची महिला, फिर खुला ऐसा राज जिसे सुन नहीं हो रहा था यकीन

Ajab gajab: ऑस्ट्रेलिया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। दरअसल, सिलाई करते वक्त सो जाना एक महिला को बेहद भारी पड़ गया। पेट में उठे असहनीय दर्द के बाद जब डॉक्टरों ने जांच की, तो अंदर 4 सेमी लंबी सिलाई वाली सुई घूमती हुई पाई गई।

Image

पेट के अंदर सुई (तस्वीर साभार- AI)

Ajab gajab: कहते हैं न, 'सावधानी हटी, दुर्घटना घटी'... लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि आराम से घर में सिलाई करते-करते ली गई नींद की एक झपकी सीधे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचा सकती है? ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला और अजीबोगरीब मामला ऑस्ट्रेलिया से सामने आया है, जहां 50 साल की एक महिला के पेट से डॉक्टरों ने 4 सेंटीमीटर लंबी सिलाई वाली सुई बाहर निकाली है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला को खुद अंदाजा नहीं था कि यह तेज-तर्रार सुई उसके शरीर के अंदर कैसे दाखिल हो गई। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध जॉन हंटर अस्पताल का है। यहां 50 वर्षीय महिला अचानक पेट में उठ रहे तेज और असहनीय दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंची। महिला का दर्द पिछले 24 घंटे से लगातार बढ़ता ही जा रहा था। शुरुआती जांच में जब डॉक्टरों ने उसका पेट छुआ, तो वह दर्द से कराह उठी। महिला की पल्स रेट 130 बीट प्रति मिनट तक पहुंच चुकी थी, जो कि सामान्य से काफी ज्यादा थी। हालांकि, शुरुआती ब्लड रिपोर्ट में कोई बड़ा इन्फेक्शन नहीं दिखाई दिया, जिससे मामला और रहस्यमयी बन गया। दर्द की असली वजह जानने के लिए डॉक्टरों ने तुरंत महिला का सीटी स्कैन कराने का फैसला किया। जैसे ही सीटी स्कैन की इमेज स्क्रीन पर आई, डॉक्टरों के होश उड़ गए। महिला के पेट के बाईं ओर एक 4 सेंटीमीटर लंबी धातु की नुकीली वस्तु चमकती हुई नजर आई। ध्यान से देखने पर साफ हो गया कि वह कोई साधारण धातु नहीं, बल्कि कपड़े सिलने वाली सिलाई की सुई थी।

पेट के अंदर चौंकाने वाला नजारा

शुरुआत में डॉक्टरों ने दर्द कम करने की दवा देकर महिला को ऑब्जर्वेशन में रखा और छुट्टी दे दी, लेकिन अगले ही दिन दर्द दोबारा शुरू हो गया। महिला जब वापस अस्पताल आई और दोबारा एक्स-रे किया गया, तो पता चला कि वह सुई पेट के अंदर अपनी जगह बदल चुकी थी। सुई को खिसकता देख जब डॉक्टरों ने महिला से गहराई से पूछताछ की, तब उसे एक पुरानी घटना याद आई। महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले वह घर पर कपड़े सिल रही थी और सिलाई करते-करते ही उसे गद्दे पर नींद आ गई थी। महिला को शक हुआ कि सोते वक्त शायद वह उसी सुई के ऊपर करवट लेकर लेट गई होगी और सुई उसकी स्किन को चीरती हुई बिना कोई अहसास कराए सीधे शरीर के भीतर धंस गई। डॉक्टरों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि सुई स्थिर नहीं थी। पेट के भीतर सुई का लगातार खिसकना बेहद जानलेवा साबित हो सकता था। यदि सुई जरा सी भी आगे बढ़ती, तो वह छोटी या बड़ी आंत को फाड़ सकती थी या पेट की मुख्य नसों को काट सकती थी। इससे पेट के अंदर भयंकर इंटरनल ब्लीडिंग और जानलेवा इन्फेक्शन फैलने का खतरा था। हालांकि, समय रहते डॉक्टर्स ने ऑपरेशन करके सुई को बाहर निकाला दिया। लेकिन, इस मामले ने सबको हैरान कर दिया।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article