गाजियाबाद के लोनी इलाके में सोमवार को एक बैंक के अंदर सनसनीखेज वारदात हुई। जहां बैंक के मैनेजर को सुरक्षा गार्ड ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि ने सैलरी और छुट्टी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। जिसके बाद आरोपी गार्ड ने गुस्से में आकर मैनेजर को गोली मार दी। मृतक की पहचान 34 वर्षीय अभिषेक कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
बैंक के केबिन में चली गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरक्षा गार्ड रविंद्र हुड्डा (50) अपने साथी शिशुपाल (57) के साथ सोमवार को बैंक पहुंचा और सीधे मैनेजर के केबिन में घुस गया। जहां दोनों के बीच पहले से चल रहे सैलरी और छुट्टी के विवाद को लेकर बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर हुड्डा ने मैनेजर पर गोली चला दी। जिससे अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार मूल रूप से पटना का रहने वाला था। वह अगस्त 2025 से गाजियाबाद के लोनी बैंक शाखा में तैनात था। अभिषेक अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वहीं आरोपी रविंद्र हुड्डा पिछले ढाई महीने से बैंक में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी सैलरी में काटी गई थी और उसे छुट्टी भी नहीं दी जा रही थी। इसी वजह से उसका मैनेजर से विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। उनके पास से डबल बैरल बंदूक और कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है, साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
