Four Cheetah Cubs Found Dead: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान (Kuno National Park) में चीते के एक माह पहले जन्मे चार शावक मंगलवार सुबह मृत पाए गए। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया, "आज सुबह करीब साढ़े छह बजे निगरानी दल को श्योपुर वन मंडल में मांद स्थल के पास चार शावक मृत मिले। मादा चीता 'केजीपी12' (KGP12) ने 11 अप्रैल को इन शावकों को जन्म दिया था। मॉनिटरिंग टीम ने सुबह करीब 6:30 बजे श्योपुर टेरिटोरियल डिवीजन में मांद के पास इन शावकों के शव बरामद किए, जिनके कुछ हिस्से जंगली जानवरों द्वारा खाए गए थे।
11 मई की शाम जीवित देखा गया
जानकारी के मुताबिक, शावकों को आखिरी बार 11 मई की शाम जीवित देखा गया था। अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि इन शावकों की मौत किसी अन्य वन्यजीव के हमले के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि मादा चीता सुरक्षित और स्वस्थ है और शव परीक्षण व विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
भारत में अब कुल 53 चीते बचे हैं
इन चार शावकों की मौत के बाद भारत में अब कुल 53 चीते बचे हैं। अधिकारी ने बताया कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भारत में जन्मे 33 चीतों समेत कुल 50 चीते हैं, जबकि राज्य के गांधी सागर अभयारण्य में तीन चीते मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते कूनो लाए गए
अधिकारी ने आगे कहा कि सभी जीवित चीते स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि इस वर्ष फरवरी में बोत्सवाना से छह मादा और तीन नर समेत नौ चीते कूनो लाए गए थे। इससे पहले 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से आठ चीते भारत लाए गए थे, जबकि वर्ष 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते कूनो लाए गए थे। फिलहाल इस पूरी घटना के बाद कूनो नेशनल पार्क में हड़कंप मच गया है।
