Farrukhabad Explosion: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मंगलवार शाम को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर पर जोरदार धमाका हुआ। जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए। जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उम्रकैद की सजा काट रहे हैं विजय सिंह
जानकारी के अनुसार यह धमाका रात करीब 7:45 से 8 बजे के बीच हुआ। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने बताया कि विजय सिंह फिलहाल BJP नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। सिंह फिलहाल BJP नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
पुलिस के अनुसार घायलों में विजय सिंह के बेटे अविनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की शामिल हैं। इसके अलावा सिंधी कॉलोनी निवासी भैयालाल चौहान, नाला मच्छरट्टा के निवासी राशु शुक्ला और ईशु चौरसिया भी धमाके में घायल हुए हैं। जिनमें भैयालाल की हालत गंभीर है, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
घर के बेसमेंट में धमाका
घटना की सूचना मिलते ही सिटी सर्किल ऑफिसर ऐश्वर्या उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। इसके बाद फर्रुखाबाद के डीएम आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसपी के अनुसार धमाके बाद तुरंत फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। वहीं डीएम ने बताया कि यह धमाका तीन मंजिला मकान के बेसमेंट में हुआ है, लेकिन इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
