Faridabad News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सफर शुरू होते ही वाहन चालक रफ्तार का मजा ले रहे हैं। अब इस एक्सप्रेसवे को फास्ट बनाने के साथ हेल्दी बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस एक्सप्रेसवे के साथ में फरीदाबाद के सेक्टर-37 से लेकर सेक्टर-59 तक करीब 18 किमी में ग्रीन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसका सर्वे पूरा हो चुका है, अब कागजी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे कॉरिडोर में एक लाख से ज्यादा पेड़ लगाए जाएंगे। इसे विकसित करने का कार्य फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) मिलकर करेंगे। इस कॉरिडोर के बनने से एक्सप्रेस वे के किनारे यह एक तरह से ऑक्सीजन की फैक्ट्री विकसित होगी। जिसका फायदा न केवल फरीदाबाद के लोगों को मिलेगा, बल्कि इससे दक्षिणी दिल्ली के ऑक्सीजन लेवल में भी इजाफा होगा।
बता दें कि दिल्ल-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से कनेक्टिविटी देने के लिए डीएनडी से फरीदाबाद होते हुए सोहना तक एक छह लेन का लिंक एक्सप्रेसवे बन रहा है। इस एक्सप्रेसवे का फरीदाबाद में पड़ने वाहा हिस्सा अगले सप्ताह शुरू हो सकता है। इसी हिस्से पर ग्रीन कॉरिडोर को विकसित किया जाना है। एफएमडीए के बागवानी शाखा प्रमुख सुभाष यादव ने बताया कि ग्रीन कारिडोर का कार्य अगले माह से शुरू हो जाएगा। कुछ औपचारिकताएं रह गई हैं, जिन्हें पूरा किया जा रहा है। यहां पर एचएसवीपी की तरफ से पौधारोपण किया जाएगा। जबकि एफएमडीए कॉरिडोर की तारफेंसिंग सहित अन्य कार्य करेगा। यह कॉरिडोर इसी साल बनकर तैयार हो जाएगा। यह ग्रीन कॉरिडोर फरीदाबाद के दर्जनों सेक्टरों के पास से निकलेगा। इसका सीधा लाभ इन सेक्टरों में रहने वाले लाखों लोगों को मिलेगा।
