शहर

Faridabad News: कुछ मिनटों का झगड़ा और चली गई जान, फरीदाबाद में 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या

फरीदाबाद में रविवार शाम खेलने के दौरान धक्का देने को लेकर हुए विवाद में 13 वर्षीय बच्चे की चाकू लगने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, 15 वर्षीय किशोर ने उसकी छाती में चाकू मारा और फरार हो गया।

Image

फरीदाबाद में 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या

Photo : Times Now Digital

Faridabad Child Murder: फरीदाबाद के सेक्टर-56 में खेलने के दौरान दो बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। धक्का देने को लेकर हुए झगड़े में 15 साल के किशोर ने 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी।आरोप है कि किशोर ने बच्चे की छाती में चाकू मारा और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर बहन के साथ खेल रहा था कन्नू

मृतक कन्नू (13) के चाचा इकबाल के मुताबिक, कन्नू एक प्राइवेट स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। रविवार शाम करीब सात बजे वह ब्लॉक नंबर-14 में अपने घर के बाहर अपनी एक साल की बहन के साथ खेल रहा था। इसी दौरान ब्लॉक नंबर-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां आया। दोनों साथ में खेलने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने कन्नू की छाती में चाकू घोंप दिया। परिजनों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी किशोर चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि वह अक्सर वहां खेलने के लिए आता था।

पड़ोसियों से मिली बच्चे पर हमले की जानकारी

इकबाल ने बताया कि पड़ोसियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कन्नू को अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कन्नू के पिता यामिल मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं। वह लंबे समय से फरीदाबाद में रह रहे हैं। यहां वे कबाड़ की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सेक्टर-58 थाना प्रभारी केवल सिंह के मुताबिक, परिजनों की ओर से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बच्चे की छाती में चाकू लगने से उसकी मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article