इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित एक वृद्धाश्रम में नाबालिग द्वारा बुजुर्ग महिलाओं की डंडे से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई जारी है, संचालिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और वहां रह रहे सभी बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित मरीमाता पानी की टंकी के पास संचालित महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसायटी के वृद्धाश्रम का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में करीब 14 वर्षीय एक नाबालिग बुजुर्ग महिलाओं को डंडे से पीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी नजर आता है कि बीच-बचाव करने पहुंची अन्य महिलाओं के साथ भी वह हाथापाई करता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।
निराश्रित आश्रम में वृद्ध शिफ्ट
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने वृद्धाश्रम पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आश्रम में कुल 31 बुजुर्ग रह रहे थे। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि स्वस्थ बुजुर्गों को गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम और अन्य पंजीकृत वृद्धाश्रमों में शिफ्ट किया जाएगा, जबकि बीमार बुजुर्गों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा जाएगा। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही संचालिका नीलम दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Anti Paper Leak Bill: 'बंद कमरे में छिप नहीं सकते, एक दिन खींचकर बाहर लाएंगे', राज्यसभा में खरगे का मोदी सरकार पर हमला
एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि मारपीट करने वाला नाबालिग करीब पांच महीने पहले अपनी मां के साथ आश्रम में रहने आया था। उसकी मां की कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में बच्चे की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस उसके बयान दर्ज कर रही है। बच्चे की काउंसलिंग कराकर उसे चाइल्ड केयर संस्था के सुपुर्द किया जाएगा। वहीं जिस बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट हुई, उसने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
दूसरी ओर आश्रम संचालिका नीलम दुबे का कहना है कि घटना के समय वह गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आश्रम से बाहर गई थीं। उनके अनुसार नाबालिग मानसिक रूप से अस्वस्थ है और किसी विवाद के बाद यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, वृद्धाश्रम के पंजीयन, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
