Punjab News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के होशियारपुर स्थित आवास पर सोमवार सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने दबिश दी है। तड़के हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय राजनीतिक गलियारों में भारी हड़कंप मच गया है।
CRPF के साथ 3 से 4 गाड़ियों में पहुंचे अधिकारी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी तीन से चार गाड़ियों के काफिले में अचानक सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर पहुंचे। जिस समय ईडी की टीमों ने रेड मारी, उस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा अपने घर के अंदर ही मौजूद थे। किसी भी अवांछित स्थिति से निपटने और जांच प्रक्रिया को निर्बाध चलाने के लिए अधिकारियों के साथ भारी संख्या में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कुशीनगर में बड़ा हादसा, ट्रक और कार की टक्कर में 6 की मौत
किस मामले में हो रही है कार्रवाई?
फिलहाल केंद्रीय एजेंसी की इस रेड को लेकर विस्तृत और आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ईडी की टीम किस विशिष्ट मामले, वित्तीय लेन-देन या पुराने केस की फाइल के सिलसिले में जांच करने पहुंची है, इसे लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अभी आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रहे हैं अरोड़ा
गौरतलब है कि सुंदर शाम अरोड़ा के लिए जांच एजेंसियों की यह कार्रवाई नई नहीं है। इससे पहले भी उनके ठिकानों पर केंद्रीय और राज्य जांच एजेंसियों की सख्त कार्रवाई हो चुकी है। पूर्व में उनके खिलाफ आयकर विभाग और पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा गहन जांच की जा चुकी है। पंजाब सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए सुंदर शाम अरोड़ा पर कई औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार व वित्तीय गड़बड़ियों के गंभीर आरोप लगे थे। फिलहाल ईडी की टीम घर के भीतर कागजातों और वित्तीय रिकॉर्ड्स की पड़ताल में जुटी हुई है।
