एजुकेशन

NEET UG Counselling 2026: स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड की प्रक्रिया आज से शुरू, 2000 खाली सीटों पर मिलेगा एडमिशन का अंतिम मौका

NEET UG Counselling 2026: नीट यूजी काउंसलिंग के दौरान सभी राउंड के संपन्न होने के बाद खाली रही 2 हजार सीटों एडमिशन देने के लिए एमसीसी द्वारा स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड की शुरुआत आज से की जा रही है।

Image

NEET UG Counselling 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)

NEET UG Counselling 2026: मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे एमबीबीएस और बीडीएस अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) द्वारा नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के तहत 'स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड' (Special Stray Vacancy Round) की प्रक्रिया आज से आधिकारिक तौर पर शुरू की जा रही है। देश भर के विभिन्न सरकारी, डीम्ड और केंद्रीय मेडिकल कॉलेजों में बची हुई लगभग 2000 से अधिक खाली सीटों को भरने के उद्देश्य से इस विशेष चरण का आयोजन किया जा रहा है। जिन योग्य उम्मीदवारों को पिछले मुख्य राउंड की काउंसलिंग में कोई सीट आवंटित नहीं हुई थी, वे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। यह इस साल मेडिकल कोर्स में दाखिला पाने का अंतिम अवसर है, इसलिए अभ्यर्थियों को बहुत ही सावधानीपूर्वक अपनी प्राथमिकताएं दर्ज करनी होंगी।

नीट यूजी काउंसलिंग स्पेशन स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल

प्रक्रियातारीख और समय
रजिस्ट्रेशन शुरू2 नवंबर
रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि4 नवंबर, दोपहर 3 बजे
चॉइस लॉकिंग शुरू4 नवंबर, शाम 4 बजे
चॉइस लॉकिंग की अंतिम तिथि5 नवंबर, सुबह 11 बजे
सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया5 और 6 नवंबर
सीट अलॉटमेंट रिजल्ट7 नवंबर
कॉलेज में रिपोर्टिंग7 से 16 नवंबर, शाम 5 बजे तक

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - EIL, IGNOU, AIIMS, TIFR और रेलवे भर्ती की आज आवेदन की अंतिम तिथि

स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल और मुख्य बातें

इस विशेष राउंड में भाग लेने के लिए MCC द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण चरणों का पालन करना होगा -

रजिस्ट्रेशन और पेमेंट - जिन उम्मीदवारों ने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था या जो नियमों के अनुसार योग्य हैं, वे आज से एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर फ्रेश रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा कर सकते हैं।

च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग - पंजीकरण के साथ ही अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेजों और सीटों की प्राथमिकता दर्ज करनी होगी। यह ध्यान रखना आवश्यक है कि अपनी पसंदीदा सीटों को निर्धारित समय सीमा के भीतर 'लॉक' जरूर करें।

सीट आवंटन परिणाम - च्वाइस लॉक होने के बाद एमसीसी द्वारा प्राप्त आवेदनों और नीट रैंक के आधार पर सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी किया जाएगा।

कौन से उम्मीदवार हैं पात्र और कौन नहीं?

इस राउंड के लिए केवल वे अभ्यर्थी इस स्पेशल राउंड के लिए पात्र हैं जिन्हें ऑल इंडिया कोटा (AIQ) या राज्य कोटे की किसी भी काउंसलिंग में अब तक कोई सीट आवंटित नहीं हुई है या जिन्होंने आवंटित सीट पर प्रवेश नहीं लिया है। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों ने ऑल इंडिया कोटा या राज्य कोटे के तहत पहले के किसी भी चरण में किसी सीट पर दाखिला ले लिया है, वे इस राउंड में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होंगे।

खाली सीटों का ब्योरा

एमसीसी की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, देश भर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में लगभग 2000 सीटें बची हुई हैं। इनमें एमबीबीएस (MBBS), बीडीएस (BDS) और कुछ संकायों में बीएससी नर्सिंग (B.Sc Nursing) की सीटें शामिल हैं। अधिकांश सीटें डीम्ड यूनिवर्सिटीज, प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों और कुछ सरकारी संस्थानों की बची हुई कैटेगरी सीटों के अंतर्गत आती हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -फरवरी 2027 के अंत में UP TET परीक्षा कराएगा UPESSC

अभ्यर्थियों के लिए अंतिम समय की जरूरी टिप्स

चूंकि यह एडमिशन का अंतिम दौर है, इसलिए च्वाइस फिलिंग करते समय उन सभी कॉलेजों के विकल्पों को शामिल करें जहां आप पढ़ाई करने के लिए तैयार हैं। कम विकल्प भरने पर सीट आवंटन से वंचित होने का खतरा रह सकता है। इसके साथ ही फीस स्ट्रक्चर जरूर चेक करें। विशेष रूप से डीम्ड यूनिवर्सिटीज और प्राइवेट कॉलेजों की सीटों का विकल्प चुनते समय उनकी वार्षिक ट्यूशन फीस, हॉस्टल फीस और अन्य शुल्क की जानकारी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट से पहले ही प्राप्त कर लें। सीट आवंटित होने के बाद संबंधित कॉलेज में रिपोर्टिंग के लिए बहुत कम समय दिया जाता है। इसलिए नीट यूजी एडमिट कार्ड, स्कोरकार्ड, 10वीं/12वीं की मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर और पासपोर्ट साइज फोटो पहले से ही तैयार रखें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article