क्रिकेट

50 गेंदों में 93 रनों की तूफानी T20 पारी और भारत को हराने के बाद क्या बोले कीवी ओपनर टिम सीफर्ट

IND vs NZ 5th T20I, Tim Seifert Statement: भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पांचवें व अंतिम मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा। अंतिम मैच में जीत के नायक बने न्यूजीलैंड के ओपनर टिम सीफर्ट जिन्होंने 50 गेंदों में 93 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। सीरीज के अंतिम दो मैच जीतने और उसके बावजूद सीरीज 2-3 से गंवाने पर क्या बोले टिम सीफर्ट, आइए जानते हैं।

Image

टिम सीफर्ट

Photo : AP

IND vs NZ T20I Series 2026: न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट का मानना है कि पिछली गलतियों से सबक लेने और अहम मौकों का फायदा उठाने की रणनीति ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में उनकी टीम की वापसी में अहम भूमिका निभाई। उन्हें हालांकि इस बात का मलाल है कि टीम ने ये सबक सीखने में देर कर दी, जिससे इस सीरीज का नतीजा बदलना संभव नहीं हो सका।

मेजबान न्यूजीलैंड ने रविवार को खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में सात विकेट से जीत दर्ज की। सीफर्ट 50 गेंद में 93 रन की तूफानी पारी खेलकर इस जीत के नायक रहे। वह एक बार फिर अपने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक से चूक गए, लेकिन न्यूजीलैंड ने भारत के 191 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारतीय टीम शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी थी।

सीफर्ट ने मैच के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, "हमने पिछले मुकाबलों से काफी कुछ सीखा। क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले और दूसरे मैच में हम जीत के करीब पहुंचे थे। जब मुकाबला निर्णायक मोड़ पर हो तो छोटे-छोटे मौकों का फायदा उठाना जरूरी होता है। मुझे लगता है कि हमारे गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया और जिन पिचों पर हम खेले, उनके अनुरूप खुद को ढाला।"

उन्होंने कहा, "शृंखला की शुरुआत में हमारा मुख्य लक्ष्य इसे जीतना था। पीछे मुड़कर देखें तो हमने क्राइस्टचर्च में अच्छी क्रिकेट खेली थी, लेकिन मुकाबलों के आखिरी पलों में जीत दर्ज करने में नाकाम रहे।"

उन्होंने कहा, "क्राइस्टचर्च में खेले गए दोनों मैचों के बाद हम शृंखला में 2-0 से आगे हो सकते थे या परिणाम 1-1 से बराबर हो सकता था। आखिरी दो मैचों की जीत ने यह साबित किया कि पहले दो मुकाबलों में हम निर्णायक मौकों का फायदा उठाने से चूक गए थे।"

सीफर्ट ने सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय टीम के दबदबे को भी स्वीकार किया। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने आक्रामक शतकीय पारी खेली थी, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। भारत ने 40 गेंद शेष रहते छह विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी।

उन्होंने कहा, "वेलिंगटन में भारत ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। हमें उनकी बल्लेबाजी के लिए तालियां बजानी चाहिए। टी-20 क्रिकेट में कभी-कभी इस तरह के मुकाबले भी देखने को मिलते हैं। कुल मिलाकर हमारे लिए शृंखला अच्छी रही, लेकिन दुर्भाग्य से हम इसे जीत नहीं सके।"

सीफर्ट ने अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से तेज गेंदबाज एडम मिल्ने का जिक्र किया, जिन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, "आजकल टी-20 क्रिकेट में गेंदबाजों के लिए अपनी रणनीति में विविधता रखना जरूरी है। मिल्ने ने शानदार गेंदबाजी की और उनके बाद गेंदबाजी करने आए अन्य खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर यह हमारी टीम का शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन था।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article