देश

हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 'पदयात्रा' आज, SIR पर कांग्रेस के 'झूठे नैरेटिव' का देंगे जवाब

पदयात्रा शुरू करने से पहले गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद के प्रसिद्ध चारमीनार स्थित देवी भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा के बाद सोमवार दोपहर बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से पदयात्रा की शुरुआत होगी...

Image

अमित शाह की आज हैदराबाद में पदयात्रा

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक विशाल 'पदयात्रा' करने जा रहे हैं। यह पदयात्रा तेलंगाना बीजेपी द्वारा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे कथित 'झूठे नैरेटिव' के विरोध में आयोजित की जा रही है। माना जा रहा है कि अमित शाह रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन द्वारा बीजेपी पर किए गए तीखे हमलों का जवाब हैदराबाद की इस रैली के मंच से दे सकते हैं।

बशीरबाग से मोजमजाही मार्केट तक पदयात्रा का पूरा शेड्यूल

पदयात्रा शुरू करने से पहले गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद के प्रसिद्ध चारमीनार स्थित देवी भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा के बाद सोमवार दोपहर बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से पदयात्रा की शुरुआत होगी, जो मोजमजाही मार्केट पर जाकर समाप्त होगी। पदयात्रा के समापन पर मोजमजाही मार्केट में अमित शाह एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

बीजेपी की तैयारियां और विपक्षी हमलों का पृष्ठभूमि

तैयारियों का जायजा: केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने रविवार को पदयात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों की समीक्षा की। विशाल जनभागीदारी का दावा: राज्य बीजेपी अध्यक्ष रामचंद्र राव के अनुसार, इस पैदल मार्च में वकीलों, डॉक्टरों, बुद्धिजीवियों और हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं व आम जनता के शामिल होने की उम्मीद है।

'इंडिया' गठबंधन का हमला

यह पदयात्रा ऐसे समय हो रही है जब रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन की रैली के दौरान राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए बीजेपी सरकार और केंद्रीय चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा था।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त और सरकार पर तीखा हमला

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में हेरफेर कोई मामूली चोरी नहीं, बल्कि देशद्रोही अपराध और संविधान की आत्मा पर हमला है। राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता से समझौता करने के लिए भविष्य में ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। (PTI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!