शहर

LPG Crisis: धुले में गैस एजेंसी में घुसने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी को लोगों ने पीटा | Video

महाराष्ट्र के धुले में LPG सिलेंडर को लेकर भारी भीड़ के बीच आज स्थिति तनावपूर्ण बन गई। रिजर्व भारत गैस एजेंसी पर घंटों से लाइन में खड़े लोगों के बीच उस समय हंगामा हो गया जब एक पुलिसकर्मी सिलेंडर लेने अंदर घुसने लगा और लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।

LPG को लेकर देशभर में दिक्कत बढ़ने लगी है। आज यानी शुक्रवार 13 मार्च को महाराष्ट्र के धुले जिले में LPG सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गई जब गैस एजेंसी पर लगी भारी भीड़ के बीच एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की घटना सामने आई। सिलेंडर लेने के लिए घंटों से लाइन में खड़े लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब एक पुलिसकर्मी गैस लेने के लिए एजेंसी के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था।

जानकारी के अनुसार धुले में SRPF जवानों के लिए रिजर्व भारत गैस एजेंसी पर सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ लगी हुई थी। कई लोग करीब साढ़े पांच घंटे से ज्यादा समय से गैस सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े थे। लोगों का आरोप है कि उन्हें गैस सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इसी दौरान एक चौंकाने वाली घटना तब हुई जब गैस सिलेंडर लेने पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने एजेंसी के अंदर घुसने की कोशिश की। लाइन में खड़े लोगों ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए इसका विरोध किया और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

गैस एजेंसी के बाहर बढ़ती भीड़ और स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में हालात को काबू में किया गया और बाद में सुरक्षा व्यवस्था के बीच ग्राहकों के बीच गैस सिलेंडर बांटे गए।

बता दें कि हाल ही में सरकार ने गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने के अंतराल को 25 दिन तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता भी बढ़ी हुई है। इसी वजह से कई जगह गैस एजेंसियों पर भीड़ देखी जा रही है।

धुले में हुई इस घटना ने गैस आपूर्ति को लेकर लोगों की चिंता और नाराजगी दोनों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article