शहर

Patna LPG Crisis: डीएम बोले, गैस की कमी नहीं, पैनिक न करें; ब्लैक मार्केटिंग पर होगी कार्रवाई

राजधानी पटना सहित बिहार के कई शहरों में LPG सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है और एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालांकि, डीएम ने गैस की कमी से इनकार करते हुए अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन ने हेल्पलाइन जारी किया है और ब्लैक मार्केटिंग व जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

देश के अन्य हिस्सों की तरह बिहार की राजधानी पटना सहित अन्य शहरों और जिलों में भी लोग LPG सिलेंडर को लेकर परेशान हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण दुनियाभर में LPG और गैस की किल्लत होने लगी है। भारत के कई शहरों में भी लोग LPG के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं। कई लोगों का कहना है कि वह दो-तीन दिन से लाइन में खड़े हैं, लेकिन LPG सिलेंडर नहीं मिल रहा है। इस बीच बिहार में एक LPG वेंडर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

पटना के जिलाधिकारी और एसपी ने आज यानी शुक्रवार 13 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जिले में सिलेंडर की किल्लत को लेकर उड़ रही अफवाहों को गलत करार दिया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। दोनों बड़े अधिकारियों ने लोगों से धैर्य रखने की गुजारिश की। उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई दिक्कत नहीं है, पैनिक में गैस सिलेंडर की बुकिंग की कोशिश न करें। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग कल तक बंद था, आज शुरू हो गई है और सिलेंडर की होम डिलिवरी हो रही है। उन्होंने जानकारी दी कि जिनकी ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है, उनकी ऑफलाइन बुकिंग भी ली जा रही है।

हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया

डीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोगों से अपील की है कि वे गैस एजेंसी में भीड़ न लगाएं। उन्होंने कहा कि अगर सिलेंडर की जरूरत है तो गैस एजेंसी से संपर्क करें। डीएम ने बताया कि उन्होंने LPG Crisis को लेकर एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केंद्र व राज्य सरकार की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से भी प्रेस रिलीज और सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपडेट दिया जा रहा है।

अस्पतालों और स्कूलों को 80 फीसद सप्लाई

डीएम पटना ने बताया कि जिले में घरेलू गैस की समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल सप्लाई को जरूर प्रायोरटाइज किया गया है, इसमें अस्पतालों और स्कूलों को प्राथमिकता दी गई है। इन्हीं को कॉमर्शियल सिलेंडर की 80 फीसद सप्लाई की गई है। डीएम ने बताया की ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी इलाकों में 25 दिन बाद ही दूसरा घरेलू सिलेंडर बुक करने की व्यवस्था की गई है। कुछ लोगों को सिलेंडर पहुंचने का मैसेज मिल रहा है, लेकिन उन तक सिलेंडर नहीं पहुंचने की शिकायत पर डीएम ने कहा कि ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई

डीएम ने बताया कि घरेलू और कामर्शियल सिलेंडर की कीमतें तो सभी को पता ही हैं। इससे ज्यादा रेट पर सिलेंडर बेचने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे एजेंसी का ऑपरेशन किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि होर्डिंग पर भी रोक है। अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर रखने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि घरेलू सिलेंडर को कॉमर्शियल इस्तेमाल पर रोक है और यह कानूनन अपराध भी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article