शहर

भारत भूषण तिवारी मामले में सीबीआई जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट में 30 जून को होगी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने भारत भूषण तिवारी मामले में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि निष्पक्ष जांच के लिए इस मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपा जाना चाहिए।

Image

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर बड़ा अपडेट

Photo : ANI

बिहार के भोजपुर में हुए भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 30 जून को सुनवाई होगी। जस्टिस एम. एम. सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की पीठ इस जनहित याचिका पर सुनवाई होगी।

सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने इस मामले में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि निष्पक्ष जांच के लिए इस मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपा जाना चाहिए। इसके साथ ही याचिका में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने की भी मांग की गई है।

याचिकाकर्ता ने यह भी अनुरोध किया है कि एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और पूरे मामले की जांच पारदर्शी तरीके से की जाए। याचिका में आरोप लगाया गया है कि भारत भूषण तिवारी की मौत एक 'हत्या का मामला' है और इसलिए इसकी निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच आवश्यक है।

बता दें कि घटना के कई दिन बाद मृतक भरत तिवारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, जिसमें यह पुष्टि हुई है कि भरत तिवारी को कुल पांच गोलियां लगी थीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पहली गोली बाएं जांघ के ऊपरी हिस्से में सामने की ओर से लगी थी। दूसरी गोली भी बाएं जांघ के मध्य भाग में भीतर की तरफ लगी पाई गई। वहीं, तीसरी गोली दाहिनी जांघ के बीच वाले हिस्से में भीतर लगी थी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि चौथी गोली दाहिनी जांघ में बाहरी हिस्से से अंदर की ओर गई थी। इसके अलावा, पांचवीं गोली बाएं पैर के मध्य भाग में पीछे की तरफ से लगी थी।

भरत तिवारी के कथित फर्जी मुठभेड़ मामले को लेकर पिछले कई दिनों से सियासत गरम है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस घटना में शामिल दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। इस घटना की जांच के लिए तत्काल न्यायिक आयोग का गठन किया गया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article