शहर

दिल्ली में अगले 3 दिन संभलकर निकलें, कश्मीरी गेट-बुराड़ी रूट पर बड़ा ट्रैफिक अलर्ट; इन रास्तों से करें सफर

कश्मीरी गेट और बुराड़ी के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी सूचना है। लाल किले के पीछे स्थित मांगी ब्रिज पर मरम्मत और पेंटिंग कार्य के चलते रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। अगले कुछ दिनों तक इस मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा, आइए जानते हैं वैकल्पिक रास्तों के बारे में।

Image

दिल्ली में फिर लग सकता है जाम का झाम

Photo : Times Now Digital

Delhi Traffic Advisory Today: रिंग रोड से कश्मीरी गेट ISBT और बुराड़ी की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को अगले तीन दिनों तक ट्रैफिक जाम और धीमी रफ्तार का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने लाल किले के पीछे स्थित मांगी ब्रिज पर मरम्मत और पेंटिंग का काम शुरू कर दिया है, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा।

21 जनवरी तक चलेगी मरम्मत

अधिकारियों के अनुसार, मांगी ब्रिज पर मरम्मत का काम सोमवार से शुरू होगा है और यह 21 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान हर दिन पुल का एक हिस्सा बंद रखा जाएगा, जिससे रिंग रोड पर वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से बाधित होगी। सुबह और शाम के पीक आवर्स में जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि हालात को देखते हुए कुछ स्थानों पर अस्थायी प्रतिबंध और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर शांति वन चौक, गीता कॉलोनी की ओर आउटर रिंग रोड के लूप, राजा राम कोहली मार्ग और गीता कॉलोनी रोड के टी-प्वाइंट से यातायात को मोड़ा जा सकता है।

कुछ सड़कों पर बंदिश संभव

एडवाइजरी के अनुसार, राजा राम कोहली मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग और आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्सों पर भी अस्थायी रूप से ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, ताकि यातायात का दबाव नियंत्रित किया जा सके और मरम्मत कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।

बुराड़ी जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ता

कश्मीरी गेट से बुराड़ी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्ग के रूप में राजा राम कोहली मार्ग से युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें और संभव हो तो पीक आवर्स में इस रूट से बचें। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद यातायात सामान्य होने की उम्मीद है, लेकिन तब तक वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article