उत्तर प्रदेश में त्योहारों से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुथ अपनाया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि त्योहारों के मौके पर राज्य में किसी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बाबत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव, दिवाली, छठ और देव दीपावली को देखते हुए प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि त्योहारों के नाम पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
लखनऊ में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने राज्य मुख्यालय से लेकर तहसील और थानों तक सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश दिया है, ताकि त्योहारों के दौरान प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रहे।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं साझा करने और भड़काऊ बयान देने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को त्योहारों के दौरान अशांति फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी। सभी जिलों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
अयोध्या के दीपोत्सव के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम
इसके साथ ही 7 नवंबर को अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। त्योहारों के दौरान प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। धनतेरस और दिवाली के दौरान बड़े बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास भी 24 घंटे निगरानी की जाएगी। पुलिस को पैदल गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, अंतरजिला और स्थानीय यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा गया है। पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV-112) को भी लगातार सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।
पटाखों की दुकानों पर भी प्रशासन की नजर
योगी आदित्यनाथ ने पटाखों की दुकानों और अस्थायी भंडारण केंद्रों को घनी आबादी वाले इलाकों से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित करने का निर्देश दिया। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त दमकल गाड़ियों और जीवन रक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा गया है।
खाद की कालाबाजारी और राशन में गड़बड़ी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों से यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर लगातार नजर रखने को कहा। खाद की कृत्रिम किल्लत पैदा करने, जमाखोरी करने या निर्धारित कीमत से अधिक पर बेचने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना खरीद केंद्र से निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए।
