शहर

"मुझे फुटबॉल की तरह उठाकर फेंक रही पुलिस..." दिल्ली में CEC के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए सौरभ भारद्वाज

दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया के विरोध में AISA और AAP का प्रदर्शन जारी है। इस दौरान सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया है, उन्होंने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया है।

Image

AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने लगाए पुलिस पर आरोप

Photo : ANI

देश की राजधानी दिल्ली में SIR प्रक्रिया के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा राजनीतिक और सामाजिक विरोध प्रदर्शन चल रहा है। रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में निकाले जा रहे नागरिक मार्च और आम आदमी पार्टी (AAP) के उग्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। इंडिया गेट से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान दिल्ली 'आप' के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पुलिस प्रशासन पर बदसलूकी और तानाशाही का गंभीर आरोप लगाया।

"ACP पर भी कार्रवाई नहीं कर रही पुलिस"

पुलिस हिरासत में लिए जाने के दौरान दिल्ली आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सुरक्षा बलों के काम करने के तरीके पर सवाल उठाया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, वे मुझे उठाकर इधर-उधर ऐसे फेंक रहे हैं, जैसे मैं कोई फुटबॉल हूं... यहां इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है, फिर भी वे अपने ही ACP के खिलाफ FIR दर्ज नहीं कर रहे हैं और न ही उस एसीपी को गिरफ्तार कर रहे हैं।

भारद्वाज का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने अमानवीय व्यवहार किया और शिकायत के बावजूद अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई करने से बच रही है।

AISA का नागरिक मार्च, जंतर-मंतर में कड़ी सुरक्षा

दूसरी ओर, आइसा (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा समेत विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के सदस्यों ने इंडिया गेट से जंतर-मंतर की ओर 'नागरिक मार्च' निकाला। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग SIR प्रक्रिया को तुरंत रद्द करना और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा है। बढ़ते तनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जनपथ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास जंतर-मंतर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बैरिकेड लगाकर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें