उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर यमुना खादर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल स्टाफ की टीम ने लॉरेंस बिश्नोई और राशिद केबलवाला गैंग के दो कथित शार्प शूटरों, मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 26 राउंड अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें दोनों अपराधियों के पैरों में गोलियां लगी हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भजनपुरा में कारोबारी के घर पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों पर हाल ही में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक स्थानीय कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस की कई टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थीं। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों वांछित आरोपी उस्मानपुर के यमुना खादर स्थित जंगलनुमा रास्ते का इस्तेमाल करते हुए अपने घर पहुँचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना को पुख्ता करते ही स्पेशल स्टाफ की टीम ने उस्मानपुर खादर इलाके में घेराबंदी कर सटीक ट्रैप लगाया।
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई दो पुलिसकर्मियों की जान
जैसे ही दोनों आरोपी तय समय पर मौके पर पहुंचे, उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में स्पेशल स्टाफ की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद वे वहीं गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें तुरंत काबू में कर लिया। मुठभेड़ इतनी भयंकर थी कि दो पुलिसकर्मी भी सीधी फायरिंग की चपेट में आ गए। हालांकि, गोलियां उनके द्वारा पहनी गई बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे दोनों पुलिसकर्मी पूरी तरह सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से लगभग 26 राउंड गोलियां चलाई गईं।
