Delhi News: दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने एक ऐसे बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो दिल्ली और दूसरे राज्यों से चोरी हुए मोबाइल फोन इकट्ठा कर उन्हें बांग्लादेश और नेपाल तक पहुंचाता था। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के 325 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले करीब एक साल में यह गिरोह 10 से 12 हजार चोरी के मोबाइल देश से बाहर पहुंचा चुका है।
मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं बढ़ रहीं
पुलिस के मुताबिक, रोहिणी जिले में लगातार मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं बढ़ रही थीं, लेकिन मोबाइल बरामद नहीं हो रहे थे। जांच में पता चला कि चोरी के मोबाइल दिल्ली में इस्तेमाल ही नहीं हो रहे थे। इसी सुराग पर स्पेशल स्टाफ ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल फॉरेंसिक, मुखबिरों और सर्विलांस की मदद से पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।
कुल 325 मोबाइल पुलिस ने बरामद किए
जांच के दौरान सबसे पहले राजा उर्फ राजू, करण और गोविंद को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 101 चोरी के मोबाइल मिले। गोविंद की तलाशी के दौरान पुलिस को एक कूरियर की रसीद मिली, जिससे पता चला कि करीब 200 मोबाइल पहले ही कोलकाता भेजे जा चुके हैं। यही सुराग पूरे गिरोह तक पहुंचने की वजह बना। इसके बाद पुलिस ने अजय कुमार और अली खान को गिरफ्तार किया और उनके पास से 100 मोबाइल बरामद किए। आगे की कार्रवाई में ऋषिकेश उर्फ डबलू, संजीव कुमार और सनी उर्फ राहुल समेत अन्य आरोपियों को पकड़ा गया, जिनसे 124 और मोबाइल बरामद हुए। इस तरह कुल 325 मोबाइल पुलिस ने बरामद किए।
कहां होते थे चोरी के मोबाइल जमा?
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रोहिणी के अवंतिका इलाके में किराए का एक फ्लैट इस गिरोह का गोदाम बना हुआ था। यहां चोरी के मोबाइल जमा किए जाते, उनकी छंटाई होती, पैकिंग की जाती और फिर कूरियर के जरिए कोलकाता, मालदा और मुर्शिदाबाद भेज दिया जाता था। वहां से इन्हें बांग्लादेश पहुंचाया जाता था। एक दूसरा नेटवर्क उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल तक मोबाइल पहुंचाता था।
अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते गिरोह के सदस्य
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते थे। कोई मोबाइल चोरी करता था, कोई उन्हें खरीदकर इकट्ठा करता था, कोई पैकिंग करता था और कोई कूरियर के जरिए दूसरे राज्यों तक भेजता था। पुलिस ने इस मामले में दो कूरियर कंपनी से जुड़े लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जिन पर गिरोह की मदद करने का आरोप है।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- महिलाओं की गाड़ियों को मारता था टक्कर, सॉरी दीदी बोलकर करता था ड्रामा, दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर को दबोचा
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक अब तक बरामद 325 मोबाइलों में से करीब 150 मोबाइल दिल्ली में दर्ज स्नैचिंग, चोरी, लूट और सेंधमारी के मामलों से जोड़े जा चुके हैं। बाकी मोबाइलों की जांच जारी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए जाएंगे। पुलिस अब बांग्लादेश और नेपाल में मौजूद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
