शहर

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव में ट्विस्ट, BJP में बगावत; ध्रुव त्रिपाठी के सामने ताल ठोकेंगे संजयन त्रिपाठी

Gorakhpur Faizabad Teachers MLC Election 2026 : गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए घोषित किए गए प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के खिलाफ प्रमुख दावेदार रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

Image

डॉ. संजयन त्रिपाठी

Gorakhpur Faizabad Teachers MLC Election 2026 : गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में भाजपा की ओर से ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद सियासी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। भाजपा से टिकट के प्रमुख दावेदार रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने अब खुलकर बगावती तेवर अपना लिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे।

टिकट की दावेदारी को लेकर बगावत

भाजपा ने मंगलवार को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी घोषित किया। इसके साथ ही पार्टी के भीतर टिकट को लेकर चल रही दावेदारी पर विराम लग गया।

इधर, टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने अब भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके इस फैसले के बाद चुनावी मुकाबले में भाजपा के सामने अपने ही खेमे से निकला एक मजबूत दावेदार चुनौती के रूप में सामने आ गया है।

डॉ. संजयन त्रिपाठी पिछले कई महीनों से भाजपा से टिकट के लिए सक्रिय थे। जून में सामने आई रिपोर्टों में भी उन्हें इस सीट से भाजपा के प्रमुख दावेदारों में शामिल बताया गया था। उनके समर्थन में भाजपा के एक गुट के सक्रिय होने की चर्चा थी। 24 सितंबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट में भी डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में शिक्षक समाज के बीच संपर्क अभियान चलने और उन्हें प्रथम वरीयता देने की अपील किए जाने का उल्लेख किया गया था।

अब भाजपा द्वारा ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद संजयन त्रिपाठी ने पार्टी के फैसले से अलग रास्ता चुन लिया है। उनका कहना है कि वह निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को चुनौती देंगे।

डॉ. संजयन त्रिपाठी साल 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले वह कांग्रेस से जुड़े रहे और हिंदू युवा वाहिनी से भी उनका जुड़ाव रहा है। वह इससे पहले गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं। साल 2017 के चुनाव में भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह ने संजयन त्रिपाठी को पराजित किया था।

दूसरी ओर ध्रुव कुमार त्रिपाठी इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीन बार निर्वाचित हो चुके हैं। इस बार भाजपा ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में अब चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, निर्दलीय मैदान में उतरने का ऐलान कर चुके डॉ. संजयन त्रिपाठी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव समेत अन्य दावेदारों के बीच मुकाबला होगा।

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है।

-रशाद लारी की रिपोर्ट

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article