दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी और उत्तरी दिल्ली के इलाकों में कुख्यात 22 साल के शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 'तूफान' के नाम से मशहूर यह आरोपी डकैती और फायरिंग के कई मामलों में वॉन्टेड था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
भलस्वा डेयरी के पास बिछाया गया जाल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी ध्रुव उर्फ राज उर्फ तूफान के रूप में हुई है। पुलिस को 13 मार्च को एक पुख्ता जानकारी मिली थी कि ध्रुव अपने साथियों से मिलने के लिए भलस्वा डेयरी झील के पास गोल्फ कोर्स रोड पर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसे दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.65 एमएम की लोडेड पिस्तौल बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत ज़ब्त कर लिया।
'एसडी ग्रुप' और गैंगस्टर्स से कनेक्शन
पूछताछ के दौरान ध्रुव ने खुलासा किया कि वह जहांगीरपुरी और भलस्वा डेयरी क्षेत्र में सक्रिय 'एसडी ग्रुप' (SD Group) का हिस्सा है। इस गिरोह में कई युवा अपराधी और नाबालिग शामिल हैं जो छोटी-मोटी डकैती से लेकर फायरिंग तक की वारदातों को अंजाम देते हैं। ध्रुव ने बताया कि इलाके में अपनी धाक जमाने और विरोधी गैंग से सुरक्षा के लिए उसने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से अवैध हथियार मंगाए थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, दीपक और सलमान की तलाश में जुटी है।
नशे की लत ने बनाया अपराधी
ध्रुव की कहानी अपराध जगत में प्रवेश करने वाले कई युवाओं जैसी ही है। उसने पुलिस को बताया कि वह केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ा है और उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। गलत संगत और नशीले पदार्थों के सेवन की लत ने उसे अपराध की दलदल में धकेल दिया। वह पहले भी आदर्श नगर थाने में डकैती के दो मामलों में शामिल रहा है, जहां वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था और उसके खिलाफ भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
कई इलाकों में फायरिंग कर फैला रखी थी दहशत
आरोपी ने किशनगढ़ और महेंद्र पार्क इलाकों में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, ध्रुव लंबे समय से फरार चल रहा था और अपनी लोकेशन बदल-बदल कर पुलिस को छका रहा था। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इलाके में सक्रिय छोटे गिरोहों के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस उन सप्लायरों की भी पहचान कर रही है जो अलीगढ़ से दिल्ली में हथियारों की सप्लाई कर रहे हैं।
