दिल्ली

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी में कांग्रेस का 'हाथ'! लगाया था 100 करोड़ की रिश्वत का आरोप

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED ने दिल्ली शराब घोटाले का मास्टर माइंड बताया है। कांग्रेस उनकी गिरफ्तारी का विरोध कर रही है। लेकिन समय का फेर देखिए, इसी कांग्रेस ने साल 2022 में केजरीवाल के खिलाफ शराब घोटाले की शिकायत की थी, जिसके तहत उनकी गिरफ्तारी हुई है।

Image

अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को PMLA के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। कोर्ट ने उन्हें 26 मार्च तक ED की रिमांड पर भी भेज दिया है। इस पर तमाम विपक्षी दल केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं। उनका कहना है कि देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया गया है। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। इनमें से बहुत से आरोप तो कांग्रेस भी लगा रही है, जिसके खिलाफ आंदोलन करके केजरीवाल ने राजनीतिक सीढ़ियां चढ़ी हैं। इसे सियासी मजबूरी कहें या कुछ और यह वही कांग्रेस है जिसने शराब घोटाला मामले (Delhi liquor Scam) में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। चलिए इस संबंध में और जानते हैं -

जांच शुरू होने पर बताई अपनी जीत

बात 3 जून 2022 की है, जब कांग्रेस ने दिल्ली सरकार की शराब नीति मामले (Delhi liquor Policy Case) में शिकायत की थी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने स्वयं उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना और पुलिस आयुक्त (Delhi Police commissioner) को इस संबंध में शिकायत दी थी। यही नहीं उन्होंने उस समय अपनी शिकायत की कॉपी ट्विटर पर भी शेयर की थी। यही नहीं जब मामले में जांच शुरू हुई तो इसी कांग्रेस ने उसे अपनी जीत बताया था। लेकिन आज कांग्रेस पार्टी के सुर बदले हुए हैं, वह उसी शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र के लिए खतरा बता रही है।
Delhi congress Tweet

दिल्ली कांग्रेस का पुराना ट्वीट

अजय माकन ने लगाया आरोप

कांग्रेस नेता अजय माकन ने शराब घोटाला मामले में सीधे तौर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। उस समय उन्होंने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा था कि शराब घोटाला मामले में अब यह सीधे-सीधे स्टैब्लिश हो गया है कि इसमें कम से कम 100 करोड़ की रिश्वत ली गई। केजरीवाल की बिजनेसमैन से बात कराई गई, बिजनेसमैन से बात कराने के बाद होलसेल डीलर्स के लिए कमीशन 5 पर्सेंट से बढ़ाकर 12 पर्सेंट कर दिया गया। उसमें शर्त यह रखी गई की 6 पर्सेंट वापस आम आदमी पार्टी और केजरीवाल को दिया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मनी ट्रेल भी स्टैब्लिश हो गया है कि वही पैसा आम आदमी पार्टी ने गोवा के चुनाव में इस्तेमाल किया और कांग्रेस के खिलाफ किया।

कांग्रेस को हराने के लिए 100 करोड़ का स्कैम

अजय माकन ने उस समय आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने गोवा में कांग्रेस को हराने के लिए 100 करोड़ का स्कैम किया था। उन्होंने कहा, केजरीवाल और उनके मंत्रियों (चाहे वह मनीष सिसोदिया, चाहे सतेंद्र जैन) को कोई नैतिक अधिकार नहीं है कि वे अपनी कुर्सी पर एक सैकेंड भी और रहें।

क्या से क्या हो गए

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अजय माकन हों या पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित हों या महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, कुछ महीने पहले तक यह सभी केजरीवाल और AAP को शराब घोटाले के लिए खरी-खोटी सुना रहे थे। लेकिन आज कांग्रेस के तमाम नेता केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र के लिए खतरा बता रहे हैं। संदीप दीक्षित तो कुछ दिन पहले ही केजरीवाल के जेल जाने की भविष्यवाणी कर चुके हैं। अजय माकन ने बकायदा LG को चिट्ठी लिखकर बिजली सब्सिडी घोटाले की जांच की मांग की थी। लेकिन गुरुवार रात जब ED ने केजरीवाल को गिरफ्तार किया तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के साथ इनमें से कई नेता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और केजरीवाल को अपना समर्थन दिया। यही नहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर हमला बोला।
Rahul Gandhi Tweet

राहुल गांधी का ट्वीट

दो-दो चेहरे

एक तरफ कुछ कांग्रेस नेता खुले तौर पर केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं, वहीं कुछ नेताओं ने बिल्कुल चुप्पी साध रखी है। इससे यह तो स्पष्ट है कि केजरीवाल की गिरफ्तार के बाद कांग्रेस भले ही उनके साथ दिख रही हो, लेकिन दिल में टीस अब भी बची है। यह टीस उस समय की है, जब केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी। उस समय केजरीवाल ने अन्ना के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन करके कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। उस समय केजरीवाल ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की गंगा करार दिया था। लेकिन राजनीतिक मजबूरियों के चलते दोनों एक ही गठबंधन INDIA का हिस्सा हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article