दिल्ली

दिल्ली-हरियाणा कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, कश्मीरी गेट तक पहुंचेगा मुनक नहर एलिवेटेड रोड

दिल्ली सरकार मुनक नहर एलिवेटेड रोड को कश्मीरी गेट ISBT तक बढ़ाने की योजना बना रही है, जिसके तहत इंद्रलोक से ISBT तक 4 किमी लंबी सुरंग प्रस्तावित है। इससे दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से सेंट्रल दिल्ली तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिलेगी। यात्रा समय में 40% तक की कमी आने की उम्मीद है और ट्रैफिक दबाव घटेगा।

Image

इंद्रलोक तक प्रस्तावित था प्रोजेक्ट (सांकेतिक तस्वीर)

Munak Canal Elevated Road Update: दिल्ली और हरियाणा के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होने जा रही है। दिल्ली सरकार ने मुनक नहर एलिवेटेड रोड परियोजना को कश्मीरी गेट ISBT तक बढ़ाने की योजना तैयार कर ली है। इसके लिए इंद्रलोक से ISBT तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण प्रस्तावित है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सेंट्रल दिल्ली तक बनेगी सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी

मौजूदा योजना के तहत मुनक नहर एलिवेटेड रोड इंद्रलोक तक ही प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे कश्मीरी गेट से जोड़ने पर विचार चल रहा है। इससे दिल्ली हरियाणा बॉर्डर से सेंट्रल दिल्ली तक एक तेज, सीधा और सिग्नल-फ्री कॉरिडोर तैयार होगा। PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के अनुसार, यह प्रोजेक्ट उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के यात्रियों के लिए राहत वाला कदम होगा और हरियाणा से आने-जाने वाले लोगों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा।

40% घटेगा सफर समय

सरकार का अनुमान है कि इस रूट के तैयार होने के बाद यात्रा समय में लगभग 40% तक की कमी आएगी। मुकरबा चौक, आजादपुर और रोशनारा रोड जैसे जाम वाले पॉइंट्स पर ट्रैफिक प्रेशर काफी कम होगा। इससे सोनीपत, रोहतक, और UER से आने वाले वाहनों को सुगम और तेज मार्ग मिलने की उम्मीद है।

भविष्य के लिए रोड इन्फ्रा

दिल्ली सरकार का कहना है कि राजधानी अब छोटे पैचवर्क मॉडल से आगे बढ़कर लम्बे समय तक असर वाले प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। PWD का दावा है कि यह प्रोजेक्ट दिल्ली की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तैयार किया जा रहा है और इसके डिजाइन पर अन्य विभागों के साथ मिलकर काम होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article