Delhi Fire News: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक झुग्गी बस्ती में आग लगने के कारण कम से कम 100 परिवार बेघर हो गए। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हमें दोपहर करीब एक बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। दमकल की कुल 10 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। हमने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दे दी है।
इलाके में छाया धुआं
दमकल अधिकारी ने कहा कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने बताया कि झोपड़ियों के अंदर रखे कई रसोई गैस सिलेंडरों में भी आग लग गई, जिससे बड़े पैमाने पर विस्फोट जैसी स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि आग के कारण उठता घना काला धुआं दूर से देखा जा सकता है।
आग से लोग हुए बेघर
घरेलू सहायक के तौर पर काम करने वाले बिहार के एक प्रवासी श्रमिक धर्मेश कुमार ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ पांच साल से अधिक समय से वहां रह रहे हैं। कुमार ने कहा कि अब तक हमारे पास यही छोटी सी झोपड़ी है, लेकिन हमारे सारे सपने हमारी आंखों के सामने जल गए। अब हमारे पास कुछ भी नहीं बचा है क्योंकि हमारा सारा सामान राख हो गया है। उन्होंने कहा हम अपना घर खोकर निराश हैं। सरकार को हमारी गुहार सुननी चाहिए। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
