दिल्ली

Delhi News: महरौली में बारिश के पानी में बहकर युवक नाले में समाया, अब तक लापता

दिल्ली के महरौली इलाके में दरगाह हजरत ख्वाजा कुतुबद्दीन बख्तियार काकी के बाहर बने बड़े नाले में बारिश के तेज बहाव के कारण एक युवक बह गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है, जो पास की आटा चक्की में काम करता था। स्थानीय लोगों ने रातभर उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

Image

स्कूटी लेकर फंसा शख्स और पानी के साथ बहता युवक

Photo : Times Now Digital

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां 'दरगाह हजरत ख्वाजा कुतुबद्दीन बख्तियार काकी' के बाहर बने बड़े नाले में एक युवक अचानक बारिश के पानी के तेज बहाव के साथ बह गया और कुछ ही सेकंड में नाले में समा गया। यह पूरी घटना स्थानीय लोगों के कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दौरान इस गली में पानी का बहाव इतना तेज हो जाता है कि नाले का पानी सैलाब का रूप ले लेता है। इसी दौरान युवक पानी में बह गया। एक स्थानीय परिवार ने वीडियो देखकर युवक की पहचान की है। युवक का नाम देवेंद्र है, बताया गया कि वह पास की ही एक आटा चक्की में काम करता था और दोपहर से ही लापता था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात तक नाले में उतरकर युवक की तलाश की लेकिन रात करीब 11:30 बजे तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस दौरान कई चौंकाने वाले वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें एक स्कूटी और एक व्यक्ति को पानी में बहते देखा गया। स्कूटी पर बैठा शख्स ग्रिल से टकराकर बच गया लेकिन युवक देवेंद्र की किस्मत इतनी अच्छी नहीं थी और वह नाले में समा गया।

लोगों का कहना है कि हर बरसात में इस गली की स्थिति ऐसी ही हो जाती है और इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article