Delhi Winter Prediction: बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम और अरब सागर में बने चक्रवाती तूफान के मिले असर से पिछले दिनों राजधानी में जो जोरदार बरसात हुई, उसने दिल्ली का पारा गिरा दिया है। हल्की-हल्की ठंड का एहसास करीब महीने भर पहले से ही होने लगा है। मौसम विभाग ने पहले ही इस साल की दिल्ली की सर्दियों को लेकर चेता दिया है, कि ये ठंड का मौसम जोरदार होने वाला है। अब ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि, अक्टूबर की शुरुआत में ही सुबह-शाम की सिहरन क्या सर्दियों की दस्तक है या एक बार फिर गर्मियां लौट आएंगी।
तापमान औसत से काफी नीचे
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब आठ डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम रहा। हालांकि, मौसम विभाग की छह दिन की भविष्यवाणी के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और दिन का तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आज, गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक जाएगा लेकिन तब भी सामान्य से 4 डिग्री कम ही रहेगा।
कैसे बदला मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में यह असामान्य बारिश स्थानीय पश्चिमी विक्षोभों (Western Disturbances) और अरब सागर से आने वाली नमी भरी हवाओं के कारण हुई। इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने से भी मौसम का पैटर्न बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार लंबे समय तक जारी बारिश का यह दौर देरी से हो रही मानसून की विदाई और साथ में अरब सागर में बने निम्न दबाव तंत्र के कारण मौसम में सिहरन बनी है।
चक्रवात ‘शक्ति’ का असर
हाल ही में अरब सागर में सक्रिय रहा चक्रवात ‘शक्ति’ कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया था। इसकी नमी उत्तर भारत तक पहुंची और कई हिस्सों में बारिश का कारण बनी। हालांकि, अब इसका असर घट गया है और धीरे-धीरे उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां थम रही हैं।
अक्टूबर में छह गुना ज्यादा बारिश
इसका कारण है बारिश, दिल्ली में इस बार अक्टूबर महीने में अब तक 90 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से छह गुना अधिक है। आमतौर पर अक्टूबर में बारिश का आंकड़ा 15.1 मिमी रहता है। यही वजह है कि हवा में नमी बढ़ी और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अब उठता है यक्ष प्रश्न, क्या दिल्ली में गर्मी लौटेगी या सर्दियां शुरू हो चुकी हैं।
मौसम फिर होगा गर्म
मौसम विभाग की मानें तो अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ चुका है, इसलिए आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना दिखाई दे रही है। यानी सुबह-सुबह लोगों की बदन पर दिख रहे शॉल-स्वेटर एक बार फिर आलमारियों की शोभा बढ़ाएंगे। आने वाले दिनों में दिन गर्म रहेंगे और आसमान साफ रहेगा।
आने वाले दिनों का अनुमान
आईएमडी के मौसमी आउटलुक के मुताबिक, अक्टूबर के बाकी दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज हो सकती है, हालांकि जम्मू-कश्मीर, केरल और तमिलनाडु में कम बारिश की संभावना है। इस सप्ताह तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से हल्की छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब शुष्क और हल्का गर्म रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
