Delhi Firing: दिल्ली के कबीर नगर इलाके में नदीम नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में अपराधियों ने 5 राउंड फायरिंग की है। जिसमें नदीम की मौत हो गई और उसका एक दोस्त भी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि नदीम के साथ तब एक नाबालिक भी था, उसके पैर में गोली लगी है और उसके साथ तीसरा व्यक्ति भी था, जो बच गया है। जानकारी के अनुसार, नदीम घटना के समय अपने घर पर खाना खा रहा था।
बाइक छोड़कर भागे अपराधी
यह घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला के वेलकम थाना क्षेत्र में कबीर नगर की गली नंबर 5 की है। बताया जा रहा है तकरीबन 12:30 से 1:00 के आसपास तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए थे और नदीम को गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़ गए और मृतक की स्कूटी लेकर भाग गए। इस दौरान वह लोग मृतक का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए।
मृतक की हमलावरों से थी पहचान
पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और पता लगाया जा रहा है कि आरोपी आखिरकार कहां से आए थे और कहां गए हैं। मृतक के परिजनों के अनुसार नदीम इन आरोपियों को पहचानता था और फोन पर इन लोगों की बातचीत भी होती रहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या के कारण का पता लगाया जा सके।
नदीम को दो गोलियां लगी
इस मामले पर नदीम के छोटे भाई नाजिम ने बताया, "नदीम मेरा बड़ा भाई है जो घर पर खाने खाने आया था। वह जींस का काम करता है। घटना के समय नीचे का गेट लगा हुआ था। इतने में गाड़ी पर तीन आदमी पीछे से आए, जिन्होंने पांच फायरिंग की। भाई को दो गोली लगी, एक सिर पर और एक रीढ़ की हड्डी पर। नदीम के दोस्त भी साथ ही और उनको भी गोली लगी है। मारने वाले लोग मेरे भाई की स्कूटी लेकर फरार हो गए। उनकी गाड़ी यही पर खड़ी है।"
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
