शहर

अहमदाबाद में बारिश ने मचाया हाहाकार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे सीएम भूपेंद्र पटेल; राहत-बचाव में उतरी भारतीय सेना

अहमदाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एसजी हाईवे स्थित कर्णावती क्लब और बोपल क्षेत्र में कमर तक पानी भर गया, जिसके बाद सेना को राहत और बचाव कार्य के लिए बुलाना पड़ा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

Image

जलभराव वाले इलाकों में पहुंचे सीएम भूपेंद्र पटेल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ahmedabad Heavy Rain: अहमदाबाद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में एसजी हाईवे स्थित कर्णावती क्लब के आसपास का क्षेत्र और बोपल शामिल हैं, जहां कमर तक पानी भर जाने के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

राहत-बचाव कार्यों के लिए पहुंची सेना

ऐसे में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य के लिए भारतीय सेना को बुलाया गया। सेना के पांच ट्रकों में 50 से अधिक जवान मौके पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान शुरू किया। बारिश का असर शहर के पॉश इलाकों पर भी साफ दिखाई दिया।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने किया प्रभावित इलाकों का दौरा

बताया जा रहा है कि कई लक्जरी कारें और अन्य वाहन जलभराव में फंस गए, जबकि सड़कें पानी में डूब जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस बीच, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार सुबह बाढ़ प्रभावित बोपल क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल, अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट और राज्य व नगर प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को क्या निर्देश?

मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और प्रभावित नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत, बचाव और जल निकासी कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव अभियान को और तेज किया जाए तथा आवश्यक मानवबल, मशीनरी और संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके। प्रशासन लगातार जल निकासी, बचाव और राहत कार्य में जुटा हुआ है, जबकि प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!