राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय तैराकों ने शुक्रवार को दमदार प्रदर्शन किया। ग्लासगो में जारी इन खेलों में दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। वहीं पैरा तैराकी में भी भारत के दो खिलाड़ियों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भारत के स्टार तैराक और कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक की हीट में 25.52 सेकंड का समय निकाला। इसके साथ ही वह बरमूडा के जैक हार्वे के साथ संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर रहे।
फाइनल में पहुंचना होगा लक्ष्य
इस स्पर्धा के नियमों के अनुसार हीट से शीर्ष-16 तैराक सेमीफाइनल में पहुंचते हैं। नटराज अपनी आठ तैराकों वाली हीट में पांचवें नंबर पर रहे, लेकिन ओवरऑल टाइमिंग के आधार पर उन्होंने अगले दौर में प्रवेश कर लिया। बेंगलुरु के 25 साल के श्रीहरि से अब सेमीफाइनल में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके नटराज लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित कर रहे हैं।
पैरा तैराकी में भी भारत की धूम
पैरा तैराकी में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई। पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग में आरवीवीबीके बुडिगिना और इमाम अली ने फाइनल में जगह बना ली है। खास बात यह रही कि इस स्पर्धा की हीट में हिस्सा लेने वाले सभी आठ तैराक सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर गए। बुडिगिना ने 57.10 सेकंड का समय निकालकर हीट में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं इमाम अली 1:05.32 सेकंड के साथ आठवें स्थान पर रहे। एस13 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए निर्धारित पैरा तैराकी श्रेणी है। दोनों भारतीय पैरा तैराक अब फाइनल में पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगे।
भारत की उम्मीदें बढ़ीं
तैराकी में भारत का रिकॉर्ड राष्ट्रमंडल खेलों में बहुत मजबूत नहीं रहा है, लेकिन इस बार खिलाड़ियों ने शुरुआत अच्छी की है। श्रीहरि नटराज जैसे अनुभवी तैराक का सेमीफाइनल में पहुंचना और पैरा एथलीट्स का फाइनल में जाना भारतीय दल का मनोबल बढ़ाने वाला है। अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं। अगर श्रीहरि अपनी टाइमिंग में सुधार करते हैं तो वह फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच सकते हैं। उधर पैरा तैराकी में बुडिगिना पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
