परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, NTA ने 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा, कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा अगले एक महीने के भीतर एनटीए की पूरी व्यवस्था में री-स्ट्रक्चरिंग की जाएगी। इस बदलाव का मुख्य कारण एजेंसी के काम करने के तरीके को बेहतर बनाना और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित करना है। सूत्रों के अनुसार, एनटीए की ओर से परीक्षाओं के आयोजन के लिए जिस तरह आउटसोर्सिंग की जाती है, उसमें भी बदलाव किया जाएगा। भविष्य में परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं को लेकर नए नियम और व्यवस्था लागू की जा सकती है। यह बदलाव विशेषज्ञों की एक समिति की सिफारिशों के आधार पर किया जाएगा।
लीक प्रूफ व्यवस्था तैयार करने की योजना
एनटीए की नई व्यवस्था को इस तरह तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके। इसके लिए एक लीक प्रूफ व्यवस्था तैयार करने की योजना है। सूत्रों की मानें तो परीक्षा से जुड़े अलग-अलग स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया की भी समीक्षा की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: EXPLAINED: NTA क्या है? जानें इसकी स्थापना से लेकर NEET विवाद तक की पूरी कहानी
गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी देश की कई महत्वपूर्ण प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करती है। इनमें जेईई मेन, नीट यूजी और सीयूईटी यूजी जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। हर साल लाखों छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं और इन परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में दाखिला मिलता है।
ऐसे में एनटीए की कार्यप्रणाली में यदि इस तरह के बदलाव होते हैं, तो छात्रों और अभिभावकों के लिए काफी महत्वपूर्ण हो सकते हैं। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर होने वाली री-स्ट्रक्चरिंग के बाद परीक्षा आयोजन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, एनटीए की नई व्यवस्था और बदलावों को लेकर विस्तृत जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: EXPLAINED: कैसे होगा 'लीक प्रूफ नीट यूजी एग्जाम', किस फॉर्मूले पर NTA को करना होगा काम
