दिल्ली

दिल्लीवालों सावधान... आज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने का भी खतरा

Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18-June-2025 नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में जानें आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह कुछ जगहों पर बारिश देखने को मिली। आईएमडी ने आज तेज हवाओं संग मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण फिलहाल गर्मी से राहत बनी हुई है।

Image

दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट (सांकेतिक फोटो)

Photo : BCCL

Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18-June-2025: दिल्ली में मानसून से पहले की मौसमी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को राजधानी में झमाझम बारिश हुई। जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी और उमस से राहत मिली। लेकिन बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भरने की समस्या भी देखने को मिली। जिसके कारण कई हिस्सों में यातायात भी बाधित हुआ। इसके अलावा हवाई सेवा पर भी खराब मौसम का प्रभाव देखने को मिला। फिलहाल दिल्ली में दो दिन तक तेज हवाओं संग बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में आज सुबह कई हिस्सों में हल्की बारिश भा देखने को मिली। आईएमडी ने आज दिल्ली एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान खासतौर पर रात के समय बिजली चमकने के साथ तूफान, मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा भी चल सकती हैं। वहीं अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। गुरुवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही बादल गरजने, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी येलो अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के करीब रह सकता है। आईएमडी ने लोगों को उसकी वेबसाइट के जरिए और पुष्ट मीडिया माध्यमों के जरिए आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है।

IMD ने लोगों के लिए जारी की चेतावनी

आईएमडी ने संभावित प्रभावों और एहतियातन उपायों पर रोशनी डालते हुए तूफान की चेतावनी भी जारी की। इसने चेतावनी दी कि आकाशीय बिजली गिरने से खासतौर से खुले इलाकों में जान का खतरा हो सकता है। साथ ही यातायात भी बाधित हो सकता है और विमान या ट्रेन सेवाओं में देरी होने की भी संभावना है। इस दौरान पशुओं और घर के बाहर काम करने वाले लोगों के लिए जोखिम हो सकता है। इसमें कहा गया है कि लोगों को घरों के अंदर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। बिजली गिरने से होने वाले नुकसान से बचने के लिए तूफान के दौरान बिजली के उपकरणों को बंद रखने की भी सलाह दी गई है। लोगों को पेड़ों या धातु की संरचनाओं के नीचे शरण लेने और बिजली गिरने के दौरान बाहर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से मना किया गया है।

पिछले 24 घंटों में दिल्ली का मौसम कैसा रहा

दिल्ली में मंगलवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। जिससे सुबह से ही मौसम खुशनुमा बना रहा। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर दोपहर तीन से चार बजे के बीच 12 उड़ानों का रूट बदला गया।भारी बारिश के कारण दिल्ली छावनी के पास अंडरपास, जखीरा अंडरपास, पुल प्रहलादपुर, आईटीओ, दिल्ली नजफगढ़ रोड और दिल्ली रोहतक रोड जैसे कई इलाके जलमग्न हो गए। घुटनों तक पानी भर जाने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

दिल्ली में कहां कितनी हुई बारिश?

दिल्ली में मंगलवार को पालम और सफदरजंग मौसम केंद्र पर दोपहर ढाई बजे से तीन बजे तक और शाम साढ़े छह बजे 35-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। साथ ही कई हिस्सों में झमाझम बारिश भी हुई। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में 10 मिलीमीटर बारिश हुई, लोधी रोड पर पांच मिलीमीटर, पूसा में 41 मिलीमीटर, नारायणा में 15 मिलीमीटर और आयानगर में 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से 3.8 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 61 प्रतिशत थी।

मौसम विभाग के 4 रंगों के अलर्ट का मतलब क्या है?

मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश हैं -

  • ग्रीन (Green) - किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं
  • येलो (Yellow) - नजर रखें और निगरानी करते रहें
  • ऑरेंज (Orange) - तैयार रहें
  • रेड (Red) - कार्रवाई/सहायता की जरूरत

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article