बॉलीवुड

Alia Bhatt ने रणबीर संग शादी को लेकर उठे विवाद पर तोड़ी चुप्पी, दीपिका की 8 घंटे की शिफ्ट मांग का भी किया समर्थन

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 19, 2026, 02:05 PM IST

Alia Bhatt on Marry With Ranbir Kapoor: आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती है। अब एक बार फिर उनके रिश्ते को लेकर उठे सवालों पर एक्ट्रेस ने अपनी बात रखी।

Image

आलिया भट्ट ने बताया रणबीर कपूर को अपनी ताकत, महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर भी रखी राय (Image Source: Filmfare/ IMDb)

Alia Bhatt on Marry With Ranbir Kapoor: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर तरह-तरह की बातें होती रहती हैं। दोनों के इंटरव्यू से लेकर उनकी मुलाकातों तक, फैंस हर छोटी-बड़ी बात पर अपनी राय देते हैं। कई बार इन चर्चाओं में उनके रिश्ते को लेकर ऐसे दावे भी किए गए, जिन पर अब तक दोनों ने खुलकर कुछ नहीं कहा था। हालांकि, अब आलिया ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर बनाई जा रही कहानियों पर साफ शब्दों में अपनी बात रखी है। इसके अलावा आलिया भट्ट ने एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) को लेकर भी बयान दिया है।

आलिया भट्ट ने 'असमान शादी' की थ्योरी पर तोड़ी चुप्पी

'टाइम' (Time) को दिए एक इंटरव्यू में आलिया भट्ट ने रणबीर कपूरके साथ अपनी शादी को लेकर लगाई जा रही उन अटकलों पर बात की, जिनमें इसे 'अनइक्वल मैरिज' बताया जा रहा है। इस पर उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा से महिलाओं को अपनी सोच और अपने दिल की बात समझने की सलाह देती आई हूं। ऐसे में मुझे एक ऐसे इंसान के तौर पर दिखाना, जो इस काल्पनिक स्थिति को झेल रही है, अपमानजनक है। किसी भी रिश्ते की बुनियाद ये होती है कि आपको बिना कोई कोशिश किए भी लगे कि सामने वाला आपको समझता है और बिना कुछ कहे भी आपकी बात सुनता है। मेरे लिए रणबीर ऐसे ही हैं और हमारी असल जिंदगी भी यही है।'

आलिया भट्ट ने दीपिका पादुकोण का किया समर्थन

इंटरव्यू में आलिया भट्ट ने दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) का समर्थन किया। दीपिका ने 'स्पिरिट' (Spirit) विवाद के बीच लंबे समय तक काम करने को लेकर बहस छेड़ दी थी। आलिया ने भी माना कि इंडस्ट्री में 15 से 18 घंटे की शिफ्ट में काम करने के चलन को बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'मैं खुशकिस्मत रही हूं कि मेरे सभी प्रोड्यूसर्स ने मेरा पूरा साथ दिया है, लेकिन इस पर दोबारा सोचने की जरूरत है।' उन्होंने आगे कहा, 'ये मनमर्जी से तय नहीं हो सकता। काम के सही घंटे होने से काम ज्यादा बेहतर तरीके से होता है और लोगों को अपनी सीमाएं तय करने पर नौकरी जाने का डर नहीं होना चाहिए।'

#MeToo मूवमेंट पर क्या बोलीं आलिया भट्ट?

इसी इंटरव्यू में आलिया ने कहा कि वो ऐसे पुरुषों के साथ काम नहीं करना चाहतीं, जिन पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं। साल 2018 में बॉलीवुड के #MeToo मूवमेंट को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बहस होने के बावजूद, यौन दुर्व्यवहार के आरोपों का सामना करने वाले कुछ ही ताकतवर लोगों को इसका नतीजा भुगतना पड़ा। उन्होंने इसे महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बड़ी समस्या से भी जोड़ा। एक्ट्रेस ने कहा, 'बॉलीवुड दुनिया से अलग नहीं है, अपने आसपास देखिए। महिलाओं के खिलाफ हिंसा अब बहुत ज्यादा आम होती जा रही है।' आलिया ने उन मामलों को लेकर भी अपनी बेबसी जाहिर की, जिनमें रेप के दोषी जेल से रिहा होने के बाद राजनीतिक पदों पर पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह उन चीजों पर ध्यान देने की कोशिश करती हैं, जो उनके कंट्रोल में हैं और जहां भी मुमकिन हो, बेहतर फैसले लेती हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article