शहर

Lucknow Weather: अचानक ठंड के लिए रहें तैयार, अकवान तूफान के कारण दो दिन में 6 डिग्री तक गिर सकता है पारा

Lucknow Weather: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के असर से लखनऊ में शनिवार-रविवार को बारिश की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है।

Image

अकवान से बढ़ेगी लखनऊ में ठंड

Lucknow Weather: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आने वाले दिनों में ठंड का असर तेजी से बढ़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव अब उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार 21 और रविवार 22 नवंबर को लखनऊ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया गया है। ऐसे में लखनऊ के लोगों को अगले दो दिनों में ठंड के लिए तैयार रहना होगा।

फिलहाल लखनऊ में सुबह हल्की धुंध के बाद मौसम साफ हो गया और दिन में तेज धूप खिली रही। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी गुरुवार 19 नवंबर को शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

6 डिग्री तक गिर सकता है पारा

मौसम में बदलाव का प्रमुख कारण बंगाल की खाड़ी में बना Cyclone Akvan है। इसके प्रभाव से शनिवार और रविवार को राजधानी में बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद रात के तापमान में बड़ी गिरावट आ सकती है। न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री तक नीचे जाने का अनुमान है। इसका सीधा असर सुबह और रात के मौसम पर दिखाई देगा। लोगों को खासकर सुबह घर से निकलते समय गर्म कपड़ों का ध्यान रखना होगा।

लखनऊ की हवा में सुधार, AQI 148 पर पहुंचा

मौसम में बदलाव के बीच राजधानी की वायु गुणवत्ता में भी कुछ सुधार दर्ज किया गया है। आज सुबह लखनऊ के सभी छह मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 148 रहा। इससे पहले बुधवार शाम 5 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में औसत AQI 161 रिकॉर्ड किया गया था।

सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, शहर के अधिकांश इलाके यलो जोन में हैं, जबकि कुकरैल में हवा सबसे साफ दर्ज की गई।

कहां कितनी खराब है लखनऊ की हवा?

आज सुबह अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI की स्थिति इस प्रकार रही :

  • केंद्रीय विद्यालय, अलीगंज : 199
  • तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया : 180
  • लालबाग : 162
  • गोमती नगर : 154
  • बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी : 124
  • कुकरैल पिकनिक स्पॉट-1 : 67

कुकरैल का AQI 67 होने के कारण यहां की हवा ग्रीन जोन में रही। वहीं, केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में AQI 199 दर्ज किया गया, जो शहर के सभी छह स्टेशनों में सबसे ज्यादा रहा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article