टेक एंड गैजेट्स

GTA 6 ने आते ही मचाया तहलका! आखिर क्यों इस गेम के पीछे पागल है पूरी दुनिया, जानें क्या है कीमत और कैसे खेल सकते हैं?

GTA 6 का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। Rockstar Games ने इसे 19 नवंबर को लॉन्च कर दिया है। इस गेम को खेलने के लिए आपके पास PlayStation 5 या Xbox Series X और Series S कंसोल होना चाहिए। इस गेम में आपको दो एडिशन देखने को मिलेंगे।

Image

Grand Theft Auto यानी GTA की शुरुआत साल 1997 में हुई थी। (फोटो क्रेडिट- Rockstar Games)

GTA 6 Launch in India: दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम Grand Theft Auto 6 (GTA 6) को लेकर गेमर्स का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। करीब 13 साल बाद इस मशहूर गेम सीरीज का नया हिस्सा सामने आ गया है। रिलीज से पहले ही GTA 6 को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर गेमर्स आधी रात से ही इसे खेलने के लिए तैयार बैठे रहे। इस गेम की दीवानगी ऐसी है कि कई सारी कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को छुट्टी भी दे दी। भारत में भी GTA 6 19 नवंबर की रात 12 बजे रिलीज कर दिया गया।

इस बार गेम की कहानी Leonida नाम के एक काल्पनिक अमेरिकी राज्य में दिखाई गई है। यहां खिलाड़ी एक बड़ी और खुली दुनिया में घूम सकते हैं। गेम में पहली बार सीरीज की मुख्य कहानी में एक महिला किरदार को भी अहम जगह दी गई है। शानदार ग्राफिक्स, नई कहानी और पहले से ज्यादा बड़े गेमिंग अनुभव के कारण GTA 6 पहले ही चर्चा का विषय बन चुका है।

भारत में GTA 6 कैसे खेल सकते हैं?

कंपनी Rockstar Games के अनुसार, गेम अलग-अलग देशों में उनके स्थानीय समय के हिसाब से रिलीज किया गया है। फिलहाल इस गेम को खेलने के लिए PlayStation 5 या Xbox Series X और Series S कंसोल की जरूरत है। यानी इसे खेलने के लिए आपके पास इन गेमिंग कंसोल में से कोई एक होना जरूरी है।

GTA 6 की कीमत कितनी है?

भारत में GTA 6 के दो एडिशन उपलब्ध हैं। इसमें आपको एक स्टैंडर्ड एडिशन और दूसरा एल्टीमेट एडिशन मिलता है। स्टैंडर्ड एडिशन की बात करें तो इसके लिए आपको 5,999 रुपये खर्च करने होंगे। अगर आप GTA 6 के अल्टीमेट एडिशन की तरफ जाते हैं तो इसके लिए आपको 7,499 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

स्टैंडर्ड एडिशन में गेम की पूरी मुख्य कहानी मिलती है। वहीं अल्टीमेट एडिशन में कुछ अतिरिक्त डिजिटल सुविधाएं भी दी जाती हैं। इनमें नई गाड़ियां, हथियार, कपड़े और दूसरी गेमिंग सामग्री शामिल है। अगर आप सिर्फ गेम की कहानी का आनंद लेना चाहते हैं, तो स्टैंडर्ड एडिशन आपके लिए पर्याप्त हो सकता है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि गेम खेलने के लिए कंसोल भी खरीदना पड़ सकता है। उदाहरण के लिए, PlayStation 5 के डिजिटल एडिशन की कीमत 64,990 रुपये बताई गई है। इसमें गेम की कीमत जोड़ने पर कुल खर्च करीब 70,989 रुपये हो जाता है। इसके अलावा टीवी या मॉनिटर और इंटरनेट का खर्च अलग होगा।

गेम डाउनलोड करने के लिए कितनी जगह चाहिए?

GTA 6 काफी बड़ा गेम है। इसे डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए कंसोल में लगभग 212 GB तक खाली स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है। इस गेम को 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए बनाया गया है। इसमें हिंसा, नशीले पदार्थों, यौन कंटेंट और न्यूडिडिटी जैसे टॉपिक्स शामिल किए गए हैं। इसलिए इसे खरीदने से पहले इसकी उम्र संबंधी रेटिंग और कंटेंट की जानकारी जरूर देखनी चाहिए।

GTA 6 के ट्रेलर ने भी बनाए बड़े रिकॉर्ड

GTA 6 की लोकप्रियता का अंदाजा इसके ट्रेलरों को मिले शानदार रिस्पॉन्स से लगाया जा सकता है। गेम का पहला आधिकारिक ट्रेलर दिसंबर 2023 में जारी हुआ था। इसे रिलीज के शुरुआती 24 घंटों में YouTube पर 9.3 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया था। इसके बाद मई 2025 में दूसरा ट्रेलर सामने आया। इसने भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की और पहले 24 घंटों में अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इसे 47.5 करोड़ से अधिक व्यूज मिले।

गेम की लोकप्रियता का असर दूसरे कारोबारों पर भी देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2026 में गेम से जुड़ी एक खास झलक Netflix पर दिखाई गई थी। इसके बाद अमेरिका में उसी दिन एक लाख से ज्यादा नए लोगों ने Netflix का सब्सक्रिप्शन लिया। गेमिंग मार्केट पर नजर रखने वाली कंपनी Newzoo के अनुमान के मुताबिक, GTA 6 रिलीज के पहले सप्ताह में 3.25 अरब से 5.2 अरब डॉलर तक की बिक्री कर सकता है।

GTA गेम की शुरुआत कब और कैसे हुई?

Grand Theft Auto यानी GTA की शुरुआत साल 1997 में हुई थी। उस समय इसका ग्राफिक्स आज के मुकाबले काफी साधारण था। गेम में खिलाड़ी ऊपर से दिखाई देने वाली दुनिया में कार चुराने और अलग-अलग आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मिशन पूरे करता था।

धीरे-धीरे इस गेम में कई बदलाव किए गए। इसके ग्राफिक्स बेहतर हुए, कहानियां दिलचस्प बनीं और गेम की दुनिया पहले से ज्यादा बड़ी और वास्तविक नजर आने लगी। दिलचस्प बात यह है कि GTA की शुरुआत अमेरिका में नहीं, बल्कि स्कॉटलैंड के डंडी शहर में हुई थी। यहां एक छोटी गेम डेवलपमेंट टीम ने इस सीरीज की नींव रखी थी। समय के साथ GTA में कई मशहूर शहर देखने को मिले। इनमें Liberty City, Vice City और Los Santos जैसे नाम शामिल हैं। इन शहरों को अमेरिकी शहरों से प्रेरित होकर तैयार किया गया था।

GTA 5 के बाद क्यों बढ़ा GTA 6 का इंतजार?

सितंबर 2013 में GTA 5 लॉन्च हुआ था। इसकी कहानी Los Santos नाम के शहर में दिखाई गई थी, जो लॉस एंजिलिस से प्रेरित था। इस गेम में माइकल, फ्रैंकलिन और ट्रेवर नाम के तीन मुख्य किरदार थे। खिलाड़ियों को इन तीनों की जिंदगी और मिशन के जरिए कहानी आगे बढ़ाने का मौका मिला।

GTA 5 की शानदार सफलता के बाद गेमर्स को सीरीज के अगले हिस्से का इंतजार था। लेकिन करीब 13 साल तक कोई नया मुख्य GTA गेम नहीं आया। यही वजह रही कि GTA 6 को लेकर लोगों की उत्सुकता लगातार बढ़ती गई। Rockstar Games ने 4 फरवरी 2022 को पहली बार आधिकारिक तौर पर बताया था कि नए GTA गेम पर काम चल रहा है। हालांकि, कंपनी ने उस समय इसके लॉन्च की तारीख की जानकारी नहीं दी थी।

Rockstar Games को क्यों लगता है इतना समय?

Rockstar Games अपने बड़े और शानदार ओपन-वर्ल्ड गेम्स के लिए जानी जाती है। कंपनी की कोशिश रहती है कि गेम की दुनिया में छोटी से छोटी चीज भी वास्तविक लगे। इसका एक उदाहरण Red Dead Redemption 2 है, जिसे साल 2018 में रिलीज किया गया था। इस गेम में भी विशाल दुनिया, शानदार ग्राफिक्स और कई दिलचस्प किरदार देखने को मिले थे। ऐसे बड़े गेम तैयार करने में काफी समय और मेहनत लगती है। यही वजह है कि Rockstar Games अपने प्रमुख गेम्स को तैयार करने में कई साल लगाती है।

कुल मिलाकर, GTA 6 सिर्फ एक नया वीडियो गेम नहीं है, बल्कि गेमिंग की दुनिया में एक बड़े इवेंट की तरह देखा जा रहा है। लंबे इंतजार, शानदार ट्रेलर, नई कहानी और आधुनिक ग्राफिक्स ने इसे रिलीज से पहले ही दुनिया के सबसे चर्चित गेम्स में शामिल कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि रिलीज के बाद यह गेम लोकप्रियता और कमाई के कितने नए रिकॉर्ड बनाता है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article