Amroha Hinduism Conversion: उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी इकरार अंसारी ने अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया है। दिल्ली स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में परिवार का शुद्धि संस्कार कराया गया। धर्म परिवर्तन के बाद परिवार के पांचों सदस्यों के नाम भी बदल दिए गए। इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शुद्धि संस्कार के बाद बदले परिवार के नाम
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में तीर्थाचार्य संत राम विशाल दास महाराज और आचार्य कुलदीप विद्यार्थी ने परिवार का शुद्धि संस्कार संपन्न कराया। धर्म परिवर्तन के बाद इकरार अंसारी को सत्यव्रत और उनकी पत्नी शाजिया को संध्या नाम दिया गया। वहीं, उनके तीन बेटों के नाम भी बदल दिए गए। शेर अली का नाम मुकुल, साबिर अली का नाम नकुल और तीसरे बेटे का नाम अर्जुन रखा गया। इस अवसर पर महाशय जी, इमरोज आलम, शंकर और अर्जुन चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।
संत राम विशाल दास ने कराई घर वापसी
इस अवसर पर संत राम विशाल दास महाराज ने परिवार का स्वागत करते हुए इसे सनातन धर्म में घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में अपने पूर्वजों और उनकी धार्मिक परंपराओं को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। उनके मुताबिक, सत्यव्रत और संध्या ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने का फैसला लिया है।
बोले- बिना दबाव और लालच के लिया फैसला
संत राम विशाल दास महाराज ने दावा किया कि धर्म परिवर्तन के लिए किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जाता और न ही कोई लालच या फंडिंग दी जाती है। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसे कई परिवारों की सूची है, जो इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपनाना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में लोगों को समय दिया जाता है और उनकी सहमति के बाद ही घर वापसी कराई जाती है।
