दिल्ली

दिल्ली का मौसम 1-September-2025: दिल्ली में आज फिर आएगी बारिश, येलो अलर्ट जारी, बाढ़ का भी मंडरा रहा खतरा; जानें आज के मौसम का पूर्वानुमान

Delhi Ka Mausam, दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में जाने आज बारिश होगी या नहीं? मौसम का पूर्वानुमान: दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है, IMD ने आज येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में आजकल तापमान सामान्य से कम चल रहा है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा दिल्ली NCR का मौसम।

Image

दिल्ली में आज फिर बारिश के दिख रहे आसार

Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 1-September-2025: दिल्ली NCR में अगले दो दिनों के भीतर भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली NCR के साथ साथ पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में एक साथ तीन प्रमुख मौसमी सिस्टम एक्टिव हैं। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण एक्टिव होने के साथ मानसून ट्रफ लाइन भी दिल्ली से होकर गुजर रही है, जिससे यह बारिश की स्थिति बन रही है।

कल सामान्य से कम रहा पारा

रविवार को दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। सफदरजंग ऑबजर्वेट्री में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 2.4 और 2 डिग्री कम रहा।

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम

आज, सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के लोधी रोड और अन्य क्षेत्रों में बूंदाबांदी के बाद सोमवार को भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए पूरे शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यमुना फिर खतरे के निशान से ऊपर

दिल्ली में यमुना नदी एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से रविवार को छोड़े गए पानी के चलते यमुना में जलस्तर बढ़ा है। रविवार सुबह 7 बजे यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल के पास 205.44 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से अधिक है। हालांकि शाम तक जलस्तर में थोड़ी गिरावट देखी गई, लेकिन सोमवार सुबह एक बार फिर नदी खतरे के स्तर को पार कर गई।

रविवार शाम 6 बजे हथिनी कुंड बैराज से 63,094 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जो सोमवार शाम तक दिल्ली पहुंचेगा। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का कहना है कि इससे यमुना का जलस्तर और अधिक बढ़ सकता है और निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है।

AQI संतोषजनक

बारिश और अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के चलते दिल्ली की हवा भी साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 79 रिकॉर्ड किया गया, जो कि 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। आने वाले दो दिनों तक हवा की गुणवत्ता इसी स्तर पर बनी रह सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!