Diwali Night Fire In Ahmedabad: दिवाली के दिन अहमदाबाद में रविवार रात आग लगने की कई घटनाओं के चलते फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार व्यस्त रहीं। शाम 6 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक यानि 12 घंटे के अंदर फायर विभाग के पास 126 फायरफाइटिंग कॉल और 1 रेस्क्यू कॉल पहुंची। शहर के अलग-अलग इलाकों में मकानों, इमारतों, अस्थायी शेड, कचरे और कबाड़ की दुकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
लेबर कॉलोनी में एक अस्थायी शेड में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और आग लगभग नियंत्रित कर ली गई। वहीं, थलतेज के पास सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी की इमारत में भी आग लगने की सूचना मिली। बोडकदेव-थलतेज के खुले प्लॉट में लगी आग को AFES की टीम ने नियंत्रित किया। इस कार्रवाई में DFO स्वस्तिक जाडेजा और STO देसाई की टीम शामिल रही। उजाला सर्कल स्थित विनायक होम में लगी आग पर प्रह्लादनगर की फायर टीम ने काबू पाया।
निकोल की इमारत की 8वीं और 10वीं मंजिल पर आग
निकोल में अमर जवान सर्कल के पास स्थित द ग्रैंड सेरेनिटी बिल्डिंग की 8वीं और 10वीं मंजिल पर आग लगने की घटना सामने आई। दमकल विभाग के मुताबिक, आग को नियंत्रित कर लिया गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।बोपल के राधेश्याम रो हाउस में भी आग लगी, जिसे दमकलकर्मियों ने नियंत्रित कर लिया। वासणा के नारायण नगर में चंद्रमौली हॉल के पास लगी आग पर भी काबू पा लिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- गुजरात में बैंकों को बम से उड़ाने की धमकी, नरेंद्र मोदी स्टेडियम भी निशाने पर
स्कूल के मैदान में कचरे और कबाड़ की दुकान में आग
नवरंगपुरा स्थित लोयोला स्कूल के मैदान में कचरे में आग लग गई। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद कूलिंग की कार्रवाई शुरू की। घोड़ासर में निगम बस स्टैंड के पास नीलगिरी सोसाइटी की एक कबाड़ की दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर जशोदानगर से गजराज वाहन भेजा गया और STO जायसवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके अलावा, बागोदरा के पास कल्याणगढ़ गांव में त्रिवेणा न्यूट्रिशन के नजदीक एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। असलाली में गजराज अंगारकोल में भी आग की घटना सामने आई। फायर विभाग को रातभर मिली कॉल के बीच अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर आग बुझाने का काम किया। हालांकि, सभी घटनाओं में आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत ब्योरा फिलहाल सामने नहीं आया है।
